पटियाला, 17 जून 2026: 2012 बैच की वरिष्ठ पीसीएस अधिकारी पूजा स्याल ग्रेवाल ने आज नगर निगम आयुक्त का पदभार संभाल लिया है। पदभार ग्रहण करते ही उन्होंने अतिरिक्त आयुक्त सिमरप्रीत कौर तथा संयुक्त आयुक्त मनरीत राणा सहित नगर निगम की सभी शाखाओं के प्रमुखों के साथ महत्वपूर्ण बैठक कर पटियाला शहर के विकास कार्यों को नई गति देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पटियाला शहर उनके लिए नया नहीं है, क्योंकि वे पहले यहां एसडीएम और एडीसी के रूप में भी सेवाएं निभा चुकी हैं।
पूजा स्याल ग्रेवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के निर्देशों के अनुसार पटियाला शहर में चल रहे विकास कार्यों और महत्वपूर्ण परियोजनाओं को समयबद्ध ढंग से पूरा किया जाएगा। इसके अलावा सीवरेज की डी-सिल्टिंग, स्ट्रीट लाइटों की व्यवस्था, कचरा प्रबंधन, लेगेसी वेस्ट के निपटान तथा स्वच्छता के क्षेत्र में शहर को एक मॉडल शहर बनाने के साथ-साथ लोगों को समयबद्ध सेवाएं और बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध करवाना भी सुनिश्चित किया जाएगा।
नगर निगम आयुक्त ने बताया कि स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. बलबीर सिंह, विधायक अजीतपाल सिंह कोहली और मेयर कुंदन गोगिया के सहयोग तथा जिला प्रशासन के समन्वय से पटियाला शहर के सभी विकास कार्यों और लंबित परियोजनाओं को समय पर पूरा करना भी सुनिश्चित किया जाएगा।
नगर निगम आयुक्त के रूप में पदभार ग्रहण करने के अवसर पर नगर निगम के अधिकारियों और कर्मचारियों ने नए आयुक्त का स्वागत किया।
उल्लेखनीय है कि पूजा स्याल ग्रेवाल पटियाला, फतेहगढ़ साहिब और डेराबस्सी में एसडीएम, गमाडा में ईओ, मोहाली में आरटीए, मोहाली में एडीसी (शहरी विकास) तथा पटियाला, रोपड़ और फतेहगढ़ साहिब में एडीसी जैसे महत्वपूर्ण पदों पर अपनी सेवाएं दे चुकी हैं। उन्हें प्रशासनिक कार्यों का व्यापक अनुभव प्राप्त है। वे जनसमस्याओं के त्वरित समाधान तथा सख्त एवं प्रभावी निर्णय लेने के लिए भी जानी जाती हैं।
ये भी देखे: पटियाला के राजेंद्र जिमखाना एंड महिंद्रा क्लब में दो-दिवसीय स्वास्थ्य शिविर का हुआ आयोजन