दिल्ली, 29 जुलाई 2026: मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की अध्यक्षता में मंगलवार को हुई दिल्ली सरकार की कैबिनेट बैठक में बहुप्रतीक्षित दिल्ली लक्ष्मी योजना को मंजूरी मिल गई है। योजना के तहत राजधानी की 17 लाख से ज्यादा पात्र महिलाओं को हर महीने 2,500 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी।
सरकार ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के बजट में इसके लिए 5,110 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है। लक्ष्य है कि योजना की पहली किस्त रक्षाबंधन के मौके पर जारी की जाए।
कैबिनेट बैठक के बाद मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मंत्रिपरिषद के साथ प्रेस वार्ता कर योजना की औपचारिक घोषणा की। उन्होंने कहा कि सरकार ने महिलाओं के आर्थिक स्वावलंबन का वादा किया था और उसे सवा साल के अंदर पूरा कर दिया।
रेखा गुप्ता के अनुसार यह योजना महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के साथ-साथ उन्हें सामाजिक सम्मान और आत्मनिर्भरता भी देगी।
योजना के आवेदन पूरी तरह ऑनलाइन होंगे। दिल्ली लक्ष्मी योजना पोर्टल एक अगस्त से शुरू हो जाएगा। जिला स्तर पर आवेदनों की जांच, अंतिम मंजूरी और शिकायतों के त्वरित निपटान की व्यवस्था की गई है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि लाभार्थी महिलाओं को सहायता राशि दो तरीकों से मिलेगी। पहले विकल्प में 1,500 रुपये RD या FD में जमा किए जाएंगे। दूसरे विकल्प में 1,000 रुपये CBDC (डिजिटल रुपये) वॉलेट में दिए जाएंगे। डिजिटल वॉलेट की राशि का इस्तेमाल केवल सरकार द्वारा तय वस्तुओं और सेवाओं की खरीद तक सीमित रहेगा।
रेखा गुप्ता ने कहा कि योजना सिर्फ आर्थिक मदद तक सीमित नहीं रहेगी। इसके जरिए बच्चों के स्कूल नामांकन, आधार आईडी, आभा आईडी, समय पर टीकाकरण और पोषण ट्रैकर पर पंजीकरण जैसी सामाजिक और स्वास्थ्य सेवाओं को भी बढ़ावा मिलेगा।