रेवाड़ी, 23 अगस्त 2025: हरियाणा के रेवाड़ी जिले में शनिवार को एक सनसनीखेज घटना ने इलाके में हड़कंप मचा दिया। कुख्यात अपराधी रोहिट उर्फ कालिया के घर में स्कूटी पर सवार तीन बदमाशों ने घुसकर उस पर चार राउंड फायरिंग कर दी। भागने के दौरान एक गोली कालिया की कमर में लग गई, लेकिन वह किसी तरह बच गया। हमलावर मौके से फरार हो गए। पड़ोसियों की मदद से घायल कालिया को तुरंत निजी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
पुलिस को सूचना मिलते ही टीमें अस्पताल पहुंचीं और कालिया से पूछताछ की। उसने बताया कि वह हमलावरों को नहीं पहचानता। घटना के समय कालिया अपनी मां राजकुमारी के साथ घर पर अकेला था। जैसे ही बदमाशों ने फायरिंग शुरू की, मां चिल्लाने लगीं, जिससे आरोपी डरकर भाग निकले। पड़ोसी दौड़कर आए और घायल कालिया को ट्रॉमा सेंटर ले गए।
बता दें कि छह महीने पहले कालिया को प्रॉपर्टी डीलर से फिरौती मांगने के मामले में गिरफ्तार किया गया था। उस समय पुलिस ने उसे सिर मुंडवाकर स्कर्ट पहनाकर बाजार में घुमाया था, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था। तीन महीने पहले ही वह पैरोल पर जेल से बाहर आया था। कालिया के खिलाफ अब तक 22 आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें हत्या के प्रयास सहित कई संगीन आरोप शामिल हैं। वह पहले भी 12 साल जेल में रह चुका है।
ये भी देखे: गुरुग्राम में प्रॉपर्टी डीलर के ऑफिस पर फायरिंग, शराब पीने के दौरान मौसेरे भाई से विवाद