कुशीनगर, 2 जून 2026: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को कुशीनगर में जनसभा को संबोधित करते हुए विपक्ष पर हमला बोला। उन्होंने प्रदेश सरकार की उपलब्धियों को गिनाते हुए कहा कि पहले उत्तर प्रदेश और कुशीनगर भ्रष्टाचार, अराजकता और अव्यवस्था की चपेट में थे, लेकिन आज प्रदेश विकास, बेहतर कानून-व्यवस्था और निवेश के लिए जाना जाता है। मुख्यमंत्री ने इस दौरान 424 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कम उम्र के लोगों को शायद उस दौर की जानकारी नहीं होगी जब किसानों को अपनी उपज का उचित मूल्य नहीं मिलता था और गन्ना पर्ची के लिए भटकना पड़ता था। पिछली सरकारों की गलत नीतियों के कारण प्रदेश भ्रष्टाचार और अव्यवस्था से घिरा हुआ था, लेकिन अब पूरी स्थिति बदल चुकी है।
सीएम ने दावा किया कि कुशीनगर में करीब 90 हजार गरीब परिवारों को आवास उपलब्ध कराए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि पहले गरीबों के लिए पक्का मकान और मुफ्त राशन की कल्पना भी मुश्किल थी, लेकिन आज सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है। योगी ने नौ वर्ष पहले भूख से मौत की घटनाओं का भी जिक्र किया।
ये भी देखे: गाजियाबाद में सीएम योगी ने दिया जैन तीर्थों को नई पहचान, फाजिलनगर बनेगा पावा नगरी