गोरखपुर, 24 सितंबर 2026: सीएम योगी ने आज गोरखपुर में राजकीय महिला शरणालय के नवनिर्मित भवन का लोकार्पण किया। चरगांवा में आयोजित कार्यक्रम में सीएम योगी ने कहा कि 2017 के पहले की क्या स्थिति थी। कहावत थी देख सपाई बिटिया घबराई। सपा के शोहदों से बेटियां परेशान थीं। उनकी पढ़ाई पर संकट था। अब यूपी दंगा और कर्फ्यू मुक्त है। युवाओं को रोजगार मिल रहे हैं।
सीएम ने विपक्षियों से कहा कि आप काम नहीं कर पाए। इसलिए बोलने का हक नहीं है लेकिन लोकतंत्र का तकाजा है। बोलते रहिए आप गिनते जाइए हम नौकरी बांटते जाएंगे। आप गिनते-गिनते थक जाएंगे लेकिन हम नौकरी बांटते नहीं थकेंगे। अलग-अलग फील्ड में नए अवसर मिल रहे हैं।
चरगांवा में कृषि विभाग के बीज गोदाम के समीप 8 करोड़ 5 लाख 42 हजार रुपये की लागत से भवन का निर्माण कराया गया है। इस भवन की क्षमता 100 महिलाओं के रहने की है। इसमें रहने के साथ अन्य जरूरी सुविधाएं भी हैं।
इससे पहले गोरखनाथ मंदिर में सप्तदिवसीय श्रीमद्भागवत कथा के शुभारंभ के मौके पर सीएम योगी पहुंचे। सीएम योगी ने कहा कि भारत में करीब 5000 वर्षों से भागवत कथा की परंपरा चली आ रही है। यह ज्ञान भक्ति और निष्काम कर्म की प्रेरणा देने के साथ जीवन के उद्देश्य को समझने का मार्ग दिखाती है।
ये भी देखें: सीएम योगी ने लखनऊ में भारत टैक्सी लॉन्च की, मुख्यमंत्री ने की कैब में सवारी