लखनऊ, 20 अप्रैल 2026: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को ‘जनता दर्शन’ कार्यक्रम में प्रदेश भर से आए लोगों से मुलाकात की। उन्होंने उनकी शिकायतें सुनीं और संबंधित अधिकारियों को समय-सीमा के अंदर समस्याओं का निस्तारण करने के सख्त निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जनसेवा सरकार का सबसे बड़ा कर्तव्य है। सरकार इस कर्तव्य पथ पर चलकर प्रदेश की 25 करोड़ जनता की सेवा कर रही है। हर उचित समस्या के समाधान के लिए सरकार पूरी तरह संकल्पित है।
इस दौरान बरेली की रहने वाली दीप्ति ‘जनता दर्शन’ में पहुंचीं। उन्होंने मुख्यमंत्री के सामने अपना दर्द बयां किया। दीप्ति ने बताया कि वे किराए के मकान में रहती हैं और ठेला लगाकर परिवार का गुजारा करती हैं। आर्थिक तंगी के कारण बच्चों के लालन-पालन में उन्हें काफी परेशानी हो रही है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने तुरंत बरेली के जिलाधिकारी को निर्देश दिए कि महिला की समस्या सुनकर पीएम स्वनिधि योजना का लाभ दिलाएं और स्थानीय स्तर पर उनकी समस्या का त्वरित समाधान कराएं।
सीएम की इस संवेदनशीलता को देखकर दीप्ति की आंखें भर आईं। चेहरे पर खुशी का भाव लिए उन्होंने जाते-जाते मुख्यमंत्री का आभार जताया और उन्हें ढेर सारी दुआएं दीं।
ये भी देखें: योगी का गोरखपुर में जनता दर्शन, 200 लोगों की पीड़ा सुनी, अपराधियों पर लगाम का ऐलान