चंडीगढ़, 10 सितंबर 2026: सोशल मीडिया पर इन दिनों 80 के दशक की यादों को ताजा करने वाला #VibingToThe80s और #80snostalgia ट्रेंड तेजी से वायरल हो रहा है। आम लोगों से लेकर कई बड़े नेता भी इस ट्रेंड का हिस्सा बन रहे हैं। अब हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने भी इस ट्रेंड को फॉलो करते हुए अपनी एक पुरानी तस्वीर सोशल मीडिया पर साझा की है।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के सोशल मीडिया अकाउंट पर साझा की गई तस्वीर में वे कंप्यूटर पर काम करते हुए दिखाई दे रहे हैं। तस्वीर में वह सफेद शर्ट पहने कंप्यूटर के सामने बैठे नजर आ रहे हैं। सामने उस दौर का बड़ा मॉनिटर की-बोर्ड और माउस भी रखा हुआ है।
पुरानी तस्वीर के साथ मुख्यमंत्री ने भावुक होकर हरियाणवी अंदाज में अपनी पुरानी यादों को साझा किया। उन्होंने लिखा याद पुरानी सै मेहनत की कहानी से…पहली बार कंप्यूटर चलाया था अर दिल म्ह बड़ा सपना सजाया था।
इसके बाद मुख्यमंत्री ने उन लोगों को भी याद किया जिन्होंने उनके संघर्ष के दौर में उनका साथ दिया। उन्होंने लिखा वो वक्त पुराना आज भी याद करूं सूं थमनै जो प्यार अर आशीर्वाद दिया उसका दिल तै धन्यवाद करूं सूं।
इस पोस्ट के साथ मुख्यमंत्री ने #VibingToThe80s और #80snostalgia हैशटैग भी लगाए हैं। यानी उन्होंने महज पुरानी तस्वीर साझा नहीं की बल्कि उसे मौजूदा सोशल मीडिया के वायरल 80s ट्रेंड से भी जोड़ दिया।