मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने की हरियाणा और पंजाब के प्रमुख कलाकारों के प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात

by Manu
नायब सिंह सैनी

चंडीगढ़, 15 जनवरी 2026: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से आज उनके निवास पर हरियाणा और पंजाब के प्रमुख कलाकारों के एक प्रतिनिधिमंडल ने शिष्टाचार भेंट की। इस मुलाकात में कलाकारों ने प्रदेश सरकार द्वारा नशे के खिलाफ चलाई जा रही निर्णायक मुहिम की खुलकर सराहना की और इस सामाजिक बदलाव के अभियान में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का भरोसा दिया।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कलाकारों से बातचीत में कहा कि युवा शक्ति किसी भी राष्ट्र की सबसे बड़ी पूंजी होती है, लेकिन नशा इस पूंजी को खोखला कर रहा है। उन्होंने कलाकारों से अपील की कि वे अपनी कला के माध्यम से युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से दूर रखने और सकारात्मक जीवन की ओर प्रेरित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं।

कलाकारों ने मुख्यमंत्री के इस विचार से पूर्ण सहमति जताई और घोषणा की कि वे अपने गानों, शॉर्ट फिल्मों, सोशल मीडिया कंटेंट और अन्य माध्यमों से नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाने का काम करेंगे। उन्होंने कहा कि वे ऐसे गीत और कंटेंट तैयार करेंगे जो युवाओं को खेलकूद, शिक्षा, स्वास्थ्य और सकारात्मक जीवनशैली की ओर प्रेरित करें। कलाकारों ने “नशा मुक्त हरियाणा” के लक्ष्य को एक जन-आंदोलन बनाने में सरकार के साथ कंधे से कंधा मिलाकर चलने की प्रतिबद्धता जताई।

पिंजौर फिल्म सिटी प्रोजेक्ट को लेकर कलाकारों ने जताया उत्साह

मुलाकात के दौरान कलाकारों ने पिंजौर (पंचकूला) में विकसित की जा रही 100 एकड़ की फिल्म सिटी प्रोजेक्ट को लेकर खासा उत्साह दिखाया। उन्होंने कहा कि यह प्रोजेक्ट स्थानीय प्रतिभाओं के लिए वरदान साबित होगा। कलाकारों का मानना है कि फिल्म सिटी बनने से हरियाणवी और पंजाबी सिनेमा को मुंबई जैसे बड़े केंद्रों पर निर्भर रहने की जरूरत कम होगी। क्षेत्रीय सिनेमा के निर्माण की लागत में कमी आएगी और हजारों युवाओं को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे।

ये भी देखे: हरियाणा CM नायब सिंह सैनी की केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी से दिल्ली में की मुलाकात

You may also like