चंडीगढ़, 16 मई 2025: पंजाब पुलिस ने शुक्रवार को सीमा पार से मादक पदार्थों की तस्करी के एक बड़े अभियान को नाकाम कर दिया है।
85 किलोग्राम हेरोइन जब्त
जिसका कथित तौर पर पाकिस्तान की ISI द्वारा नियंत्रण किया जा रहा था और जिसे ब्रिटेन स्थित एक हैंडलर द्वारा समन्वित किया जा रहा था। इस अभियान में 85 किलोग्राम हेरोइन जब्त की गई है। जिसे 2025 में राज्य का सबसे बड़ा मादक पदार्थ जखीरा कहा जा रहा है।
पुलिस महानिदेशक (DGP) गौरव यादव ने इस घटनाक्रम की पुष्टि करते हुए बताया कि तरनतारन पुलिस ने अमृतसर जिले के भिट्टेवाड़ गांव निवासी अमरजोत सिंह उर्फ जोता संधू को गिरफ्तार किया है। माना जा रहा है कि सिंह इस अभियान में अहम भारतीय कड़ी है।
यादव ने एक्स पर पोस्ट किया, “2025 की सबसे बड़ी ड्रग जब्ती में @TarnTaranPolice ने सीमा पार, ISI द्वारा नियंत्रित, पाकिस्तान स्थित नार्को-तस्करी मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया है। जिसे UK स्थित ड्रग हैंडलर लल्ली द्वारा संचालित किया जाता था और उसके भारत स्थित ऑपरेटिव अमरजोत सिंह को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, सिंह अंतरराष्ट्रीय सीमा पार से तस्करी की गई हेरोइन की खेप प्राप्त करने और उन्हें पंजाब में वितरित करने के लिए जिम्मेदार था। कथित तौर पर उसका घर अवैध ड्रग नेटवर्क के लिए प्राथमिक भंडारण स्थान के रूप में कार्य करता था। भारत और विदेश दोनों में आपूर्ति श्रृंखला में आगे के लिंक का पता लगाने के लिए जाँच जारी है।
यह भी पढ़ें: PSEB 10वीं परिणाम: 95% छात्र सफल, लड़कियाँ फिर बनीं टॉपर्स