चंडीगढ़, 27 जून 2026: बच्चों के टीकाकरण को लेकर जागरूकता तो काफी है, लेकिन बढ़ती उम्र के साथ बुजुर्गों के वैक्सीनेशन को अक्सर नजरअंदाज कर दिया जाता है। इस कमी को दूर करने के लिए चंडीगढ़ के सरकारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (GMCH-32) में आज से देश का अपनी तरह का पहला एडल्ट एंड एल्डरली वैक्सीनेशन क्लिनिक शुरू हो रहा है।
पंजाब के राज्यपाल और चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया आज इस विशेष क्लिनिक का औपचारिक उद्घाटन करेंगे।
यह क्लिनिक रोटरी क्लब चंडीगढ़ सेंट्रल और GMCH-32 के कम्युनिटी मेडिसिन विभाग के सहयोग से शुरू किया जा रहा है। इसे अस्पताल के बी-ब्लॉक स्थित जेरियाट्रिक ओपीडी में संचालित किया जाएगा।
स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार, भारत में बच्चों के टीकाकरण को लेकर व्यापक जागरूकता है लेकिन बुजुर्गों के लिए जरूरी वैक्सीनेशन के प्रति जानकारी बहुत कम है। उम्र बढ़ने के साथ प्रतिरोधक क्षमता कमजोर होने से सामान्य संक्रमण भी गंभीर रूप ले सकते हैं।
विशेषज्ञों का कहना है कि 60 वर्ष से अधिक आयु के लोगों, खासकर मधुमेह, हृदय रोग, अस्थमा, सीओपीडी और कमजोर इम्यूनिटी वाले बुजुर्गों को समय पर टीकाकरण कई जानलेवा बीमारियों से सुरक्षा दे सकता है।
ये भी देखे: केवल 4 सालों में 990 आम आदमी क्लिनिक स्थापित किए, 400 और प्रगति अधीन – अरविंद केजरीवाल