नई दिल्ली, 10 अक्तूबर : प्रधानमंत्री ने आरोप लगाया कि कांग्रेस किसी भी तरीके से हिंदू समाज में आग लगाए रखना चाहती है और देश में जहां भी चुनाव होते हैं, वह इसी फार्मूले को लागू करती है। महाराष्ट्र में 7,600 करोड़ रुपये से अधिक लागत वाली विभिन्न विकास परियोजनाओं की वीडियो कान्फ्रेंस के माध्यम से आधारशिला रखने के बाद अपने संबोधन में मोदी ने विश्वास जताया कि ‘समाज को तोडऩे’ की इस कोशिश को राज्य की जनता नाकाम करेगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को कहा कि मुसलमानों की जाति की बात आते ही कांग्रेस के मुंह पर ताला लग जाता है, लेकिन हिंदू समाज की बात आते ही वह चर्चा जाति से ही शुरू करती है, क्योंकि वह जानती है कि हिंदू जितना बंटेगा, उतना ही उसका फायदा होगा। उन्होने कहा कि महाराष्ट्र की 288 सदस्यीय विधानसभा के लिए चुनाव अगले महीने संभावित हैं। हरियाणा के चुनाव परिणामों का उल्लेख करते हुए मोदी ने कहा कि इसने बता दिया है कि आज देश का मिजाज क्या है। उन्होंने कहा, ‘कांग्रेस का पूरा इकोसिस्टम, अर्बन नक्सल का पूरा गिरोह जनता को गुमराह करने में जुटा था, लेकिन उसकी सारी साजिशें ध्वस्त हो गईं क्योंकि कोई भी अब कांग्रेस पर भरोसा नहीं करता है।
कांग्रेस की समाज को तोडऩे की कोशिश को जनता नाकाम करेगी : मोदी
73