100
नई दिल्ली, 9 अक्तूबर : भारत में कई कंपनियां कर्मचारियों की सैलरी से पीएफ का पैसा तो काट लेती हैं, लेकिन इसे पीएफ खाते में जमा नहीं करातीं। इससे कर्मचारियों को बड़ा नुकसान होता है और शिकायतों का सामना करना पड़ता है। नई एसएमएस अलर्ट सेवा से कर्मचारियों को हर महीने यह पता चल सकेगा कि उनका पीएफ पैसा सही समय पर जमा हुआ है या नहीं। इससे कंपनियों द्वारा पैसे के गबन पर रोक लगेगी। हाल ही में स्पाइसजेट के अधिकारियों पर कर्मचारियों के पीएफ का पैसा उनके खाते में जमा न करने के आरोप में केस दर्ज हुआ था। ऐसे मामलों पर लगाम लगाने के लिए कर्मचारी भविष्य निधि संगठन जल्द ही एक नई प्रणाली लाने जा रहा है। इस नई व्यवस्था के तहत जैसे ही कर्मचारी के पीएफ खाते में पैसा जमा होगा, उन्हें रियल-टाइम में एसएमएस के माध्यम से इसकी जानकारी मिलेगी।