जम्मू कश्मीर को दिल्ली के बजाए स्थानीय लोग चलाएं : राहुल गांधी

by TheUnmuteHindi
जम्मू कश्मीर को दिल्ली के बजाए स्थानीय लोग चलाएं : राहुल गांधी

नई दिल्ली, 24 सितंबर : पुंछ जिले के सुरनकोट विधानसभा क्षेत्र में एक रैली को संबोधित करते हुए विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने कहा कि कांग्रेस चाहती है कि जम्मू-कश्मीर को दिल्ली के बजाए स्थानीय लोग चलाएं। उन्होंने वादा किया कि पार्टी मौजूदा विधानसभा चुनावों के बाद जम्मू-कश्मीर को राज्य का दर्जा बहाल करने के लिए केंद्र पर दबाव बनाएगी। गांधी ने कहा कि लोकसभा चुनावों के बाद ‘इंडिया’ गठबंधन ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘आत्मविश्वास को हिला दिया है।’ गांधी ने कहा ‘वह 56 इंच की छाती का बखान करते थे लेकिन अब वह पहले जैसे व्यक्ति नहीं रहे।आपकी सरकार दिल्ली से चलती है, दिल्ली से आदेश आते हैं। हम चाहते हैं कि आपकी सरकार जम्मू-कश्मीर से चले।’ राहुल ने कहा कि वे संसद में कोई भी मुद्दा उठाने के लिए उनसे बेझिझक संपर्क करें। उन्होंने कहा, ‘मैं हमेशा आपके लिए उपलब्ध हूं, बस मुझे आदेश दें और मैं आपकी मदद के लिए मौजूद हूं।’ कांग्रेस नेता ने आरएसएस और भाजपा पर धर्म, जाति, पंथ और क्षेत्र के नाम पर लोगों को बांटने के लिए नफरत फैलाने का आरोप लगाया। गांधी ने कहा, ‘देश के इतिहास में यह पहला मौका है जब किसी राज्य को केंद्र शासित प्रदेश में बदला गयाज्आपका लोकतांत्रिक अधिकार छीन लिया गया। हमने राज्य का दर्जा बहाल करने की मांग को प्राथमिकता दी है।’ उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर में पहले की सरकारें स्थानीय लोगों द्वारा चलाई जाती थीं और उनके फैसले आपके बेहतर भविष्य और आपके हित में होते थे।

You may also like