कांग्रेस ने किया हरियाणा विधानसभा चुनाव को लेकर अपना ‘घोषणा पत्र’ जारी
हरियाणा : कांग्रेस ने हरियाणा विधानसभा चुनाव को लेकर अपना ‘घोषणा पत्र’ जारी कर दिया है। दिल्ली में बुधवार दोपहर कुल हिन्द कांग्रेस कमेटी के मुख्यालय से कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने ‘घोषणा पत्र’ लॉन्च किया। इस मौके पर खड़गे के साथ कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल, हरियाणा कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष उदयभान, पूर्व सीएम भूपेन्द्र हुड्डा और हरियाणा चुनाव के लिए सीनियर ऑब्जर्वर नियुक्त अजय माकन, राजस्थान के पूर्व सीएम अशोक गहलोत व पंजाब के पूर्व मंत्री प्रताप सिंह बाजवा की भी मौजूदगी रही। कांग्रेस ने इस बार हरियाणा विधानसभा चुनाव में प्रदेश के लोगों के लिए बंपर घोषणाओं का पिटारा खोल दिया है। कांग्रेस ने हरियाणा के लिए अपने ‘घोषणा पत्र’ में अलग-अलग वर्गों को साधने के साथ उनके लिए 7 पक्के वादे किए हैं। हरियाणा चुनाव में कांग्रेस ‘7 वादे-पक्के इरादे’ के नारे के साथ चुनावी मैदान में ताल ठोकने उतरी है। कांग्रेस के इन 7 वादों में महिलाओं को हर महीने 2 हजार, गरीबों को 100 गज का प्लॉट, 300 यूनिट फ्री बिजली, MSP गारंटी कानून और बुढ़ापा-विधवा पेंशन में वृद्धि समेत अन्य वादों की झलक देखी जा रही है।
कांग्रेस के ‘7 वादे-पक्के इरादे’ कौन से?
1- महिलाओं को शक्ति
हर महीने 2,000 रुपए
500 रुपए में गैस सिलेंडर
2- सामाजिक सुरक्षा को बल
6,000 रुपए बुढ़ापा पेंशन
6,000 रुपए दिव्यांग पेंशन
6,000 रुपए विधवा पेंशन
पुरानी पेंशन बहाल होगी
3- युवाओं को सुरक्षित भविष्य
2 लाख पक्की भर्ती
नशा मुक्त हरियाणा
4- हर परिवार को खुशहाली
300 यूनिट मुफ्त बिजली
25 लाख तक का मुफ्त इलाज
5- गरीबों को छत
100 गज का प्लाट
3.5 लाख की लागत से 2 कमरों का मकान
इसमें आगे और बदलाव संभव
6- किसानों को समृद्धि
MSP की कानूनी गारंटी
तत्काल फसल मुआवजा
7- पिछड़ों को अधिकार
जातिगत सर्वे
क्रीमी लेयर की सीमा 10 लाख रुपए
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने ‘घोषणा पत्र’ लॉन्च करने के दौरान कहा कि, इसमें 7 गारंटीज यानि 7 वादे-पक्के इरादे तो मुख्य रूप से शामिल हैं। लेकिन पूरा ‘घोषणा पत्र’ 53 पेज का है। खड़गे ने कहा कि, हरियाणा में कांग्रेस की सरकार बनने पर वहां पत्रकारों को कैशलेस इलाज की सुविधा दी जाएगी। इसके अलावा उन्हें मिल रही पेंशन भी बढ़ाई जाएगी। हरियाणा में किसान आंदोलन में शहीद किसानों के लिए ‘स्मारक स्थल’ बनेगा। साथ ही शहीद किसानों के बच्चों को नौकरी दी जाएगी। खड़गे ने कहा कि, हरियाणा के लिए हमारे पास कई योजनाएं हैं। सरकार बनने पर हम हरियाणा में समृद्धि लाने के साथ लोगों के लिए लाभकारी फैसले लिए जाएंगे।