पवन सिंह ने परिवार से तोड़े संबंध, सिर्फ मां और बड़े भाई को रखा करीब, लिखा भावुक पोस्ट

by Manu
पवन सिंह

चंडीगढ़, 29 नवंबर 2026: भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री के चर्चित अभिनेता और सिंगर पवन सिंह एक बार फिर अपनी पारिवारिक और निजी जिंदगी को लेकर सुर्खियों में हैं। इस बार चर्चा की वजह उनका एक सोशल मीडिया पोस्ट है। जिसमें उन्होंने अपने समूचे परिवार और खानदान से सभी तरह के संबंध तोड़ने की घोषणा कर दी है।

अपनी मां के साथ एक तस्वीर साझा करते हुए पवन सिंह ने अपना दुख व्यक्त किया। स्पष्ट किया कि अब उनके जीवन में केवल उनकी मां और बड़े भाई रानू सिंह ही मायने रखते हैं। पवन सिंह ने अपने आधिकारिक फेसबुक पेज पर एक अत्यंत भावुक संदेश साझा किया है। पोस्ट की शुरुआत में उन्होंने भोजपुरी की दो पंक्तियों के माध्यम से अपनी मानसिक स्थिति को दर्शाया।

उन्होंने लिखा कि जब घर के चक्कर में पड़ जालें आदमी सब वेद शास्त्र भुला जालें आदमी। इसके आगे उन्होंने लिखा कि अब उनकी सहनशक्ति जवाब दे चुकी है। बेहद भारी मन से वह यह कदम उठा रहे हैं। इस दौरान उन्होंने हाथ जोड़कर पूरे भोजपुरिया समाज से क्षमा भी मांगी।

अपने इस पोस्ट में पवन सिंह ने दो-टूक शब्दों में एलान किया कि आज और इसी क्षण से उनका अपने परिवार और खानदान के किसी भी सदस्य से कोई वास्ता नहीं है। पवन सिंह के इस अचानक लिए गए फैसले ने उनके प्रशंसकों को चौंका दिया है।

ये भी देखें: कैथल पुलिस ने मुठभेड़ के बाद दो बदमाशों को गिरफ्तार किया, खेल कोच पर हमले की फिराक में थे

You may also like