चंडीगढ़, 23 नवंबर 2026: पटियाला के घनौर से पूर्व विधायक मदनलाल जलालपुर की कांग्रेस में वापसी हो गई है। अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने प्रधान रहते हुए उन्हें 3 साल के लिए सस्पेंड किया था।
इसके बाद वड़िंग की जगह परगट सिंह प्रधान बने तो कल रविवार को ही पूर्व सीएम चरणजीत चन्नी उनसे मिलने गए। इसके बाद आज सोमवार को प्रधान परगट सिंह ने उनका सस्पेंशन रद्द कर बहाल कर दिया।
कांग्रेस सोर्सेज के मुताबिक राजपुरा से पूर्व विधायक हरदयाल कंबोज के भाजपा जॉइन करने के बाद पार्टी में दबाव बढ़ा था। जलालपुर कंबोज के नजदीकी रिश्तेदार हैं। ऐसे में उनके भी पार्टी छोड़ने का डर था। इसे देखते हुए कांग्रेस ने यह फैसला लिया।
पंजाब कांग्रेस ने 1 अगस्त 2026 को जलालपुर के खिलाफ तीन साल के निलंबन का आदेश सार्वजनिक किया था। अनुशासनात्मक कमेटी के अध्यक्ष बावा हैनरी की ओर से जारी कार्रवाई में उन पर पार्टी विरोधी गतिविधियों और वरिष्ठ नेताओं के खिलाफ बयानबाजी के आरोप लगाए गए थे। इससे पहले 6 जुलाई को उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था। 9 जुलाई को जवाब संतोषजनक नहीं मानते हुए निलंबन का फैसला लिया गया था।
ये नहीं देखें: कैथल पुलिस ने मुठभेड़ के बाद दो बदमाशों को गिरफ्तार किया, खेल कोच पर हमले की फिराक में थे