चंडीगढ़, 15 नवंबर 2026: पश्चिमी ईरान में इराक की सीमा के पास गैस रिफाइनरी के कर्मचारियों को ले जा रही एक बस पलट गई। इसमें 12 लोगों की मौत हो गई है। 16 लोग घायल हो गए हैं। अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि मरने वालों की संख्या बढ़ सकती है क्योंकि कुछ घायलों की हालत गंभीर है। हादसे की जांच की जा रही है।
ईरानी सरकारी मीडिया की रिपोर्ट के मुताबिक शनिवार शाम पश्चिमी ईरान के इलाम प्रांत में तेल और गैस कर्मचारियों को ले जा रही एक बस के पलट जाने से बड़ा हादसा हो गया। यह बस देहलोरन एनजीएल 3100 तेल और गैस परियोजना में काम करने वाले कर्मचारियों को ले जा रही थी। स्थानीय समयानुसार शाम लगभग 7:25 बजे देहलोरन के पास दश्त अब्बास-मुर्मुरी सड़क पर यह बस पलट गई।
ईरान की आधिकारिक समाचार एजेंसी इस्लामिक रिपब्लिक न्यूज एजेंसी ने रविवार को बताया कि मरने वालों की संख्या बढ़कर 12 हो गई है। इससे पहले प्रांतीय अधिकारियों ने यह संख्या नौ बताई थी।
आईआरएनए की रिपोर्ट के मुताबिक ईरानी राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियान ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे घायल हुए 16 लोगों को तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराएं।
अधिकारियों ने इलाम प्रांत में एक दिन और अब्दानन में दो दिन के सार्वजनिक शोक की घोषणा की है। इस हादसे में मारे गए कई लोग अब्दानन के ही रहने वाले थे।
ये नहीं देखें: स्कूल लीडर्स के लिए सीजीसी लांडरां द्वारा विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया