चंडीगढ़, 13 नवंबर 2026: श्री गुरु तेग बहादुर साहिब जी की महान शहादत की विरासत से जुड़ी पवित्र नगरी श्री आनंदपुर साहिब ने स्वच्छता के क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर पर अपनी विशिष्ट पहचान बनाते हुए ‘स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26’ में पंजाब के सबसे बेहतरीन स्वच्छ शहर का गौरव हासिल किया है। यह उपलब्धि पंजाब के ऐतिहासिक शहरों की पवित्रता, गरिमा और प्रतिष्ठा को बनाए रखने के प्रति भगवंत मान सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
सरकार के लिए स्वच्छता केवल प्रशासनिक जिम्मेदारी नहीं, बल्कि श्रद्धा, समर्पण और सामूहिक उत्तरदायित्व का प्रतीक है। श्री गुरु तेग बहादुर साहिब जी के 350वें शहीदी दिवस के आयोजनों के दौरान किए गए अनुकरणीय प्रबंधों को आधार बनाते हुए भगवंत मान सरकार अब श्री आनंदपुर साहिब के इस स्वच्छता मॉडल को पूरे पंजाब में लागू करेगी। इसके तहत श्री अमृतसर साहिब, श्री आनंदपुर साहिब और श्री तलवंडी साबो पर विशेष ध्यान केंद्रित करते हुए इन्हें स्वच्छता के आदर्श शहरों के रूप में विकसित किया जाएगा।
यहां पंजाब भवन में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए स्थानीय निकाय मंत्री स.हरजोत सिंह बैंस ने बताया कि श्री गुरु तेग बहादुर साहिब जी और उनके सहयोगियों भाई मती दास जी, भाई सती दास जी तथा भाई दयाला जी के 350वें शहीदी दिवस के अवसर पर सफाई सेवकों की समर्पण भावना और सेवाभाव पूरी तरह देखने को मिला। इस दौरान लाखों की संख्या में श्रद्धालुओं ने श्री आनंदपुर साहिब पहुंचकर यहां की साफ-सुथरी सड़कों, सुव्यवस्थित सफाई व्यवस्था और बेहतरीन प्रबंधों को प्रत्यक्ष रूप से देखा।
इस उपलब्धि का श्रेय मुख्यमंत्री स.भगवंत सिंह मान के नेतृत्व तथा ‘मिशन क्लीन पंजाब’ के तहत नगर परिषद के अधिकारियों, सफाई सेवकों और शहरवासियों की अथक मेहनत को देते हुए श्री बैंस ने कहा, “मुख्यमंत्री मान के मार्गदर्शन में हमने पूरी लगन और समर्पण के साथ अपनी जिम्मेदारी निभाई। श्री आनंदपुर साहिब में किए गए विशेष प्रबंधों ने सभी के सामने एक मिसाल कायम की है। प्रदेशभर में ऐसे 2,000 से अधिक स्थानों की पहचान की गई थी, जहां बड़ी मात्रा में कूड़े के ढेर लगे हुए थे। इनमें से 1,300 से अधिक स्थानों को पूरी तरह साफ किया जा चुका है। इसके अलावा, जल्द ही सभी प्रमुख शहरों में आधुनिक ठोस अपशिष्ट प्रसंस्करण संयंत्र स्थापित किए जाएंगे।”
शहरवासियों के सहयोग और भरपूर समर्थन के लिए आभार व्यक्त करते हुए स. बैंस ने कहा, “हमारा पूरा ध्यान अपने शहरों को स्वच्छ बनाने पर है। हमारा लक्ष्य पंजाब के शहरी क्षेत्रों को अधिक स्वच्छ, हरित और रहने योग्य बनाना है। श्री आनंदपुर साहिब को मिली इस राष्ट्रीय पहचान ने हमारी जिम्मेदारी को और बढ़ा दिया है।”
सफाई सेवकों के कल्याण के लिए उठाए गए कदमों की जानकारी देते हुए स.बैंस ने बताया कि सरकार ने आउटसोर्सिंग के माध्यम से कार्यरत सफाई सेवकों को सीधे ठेका व्यवस्था के अधीन लाया है। इसके साथ ही पांच वर्ष की सेवा पूरी कर चुके ठेका आधारित कर्मचारियों को नियमित किया गया है और ठेका आधारित सफाई कर्मचारियों का मासिक वेतन बढ़ाकर 20,520 रुपये कर दिया गया है। इन कदमों से प्रदेश को स्वच्छ रखने वाले कर्मचारियों के लिए नौकरी की सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित किया गया है। उन्होंने बताया कि इन कर्मचारियों को सम्मानित करने तथा नियमित किए जाने पर नियुक्ति पत्र सौंपने के लिए पहला समारोह नंगल में आयोजित किया गया था।
ये नहीं देखें: स्कूल लीडर्स के लिए सीजीसी लांडरां द्वारा विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया