कालीघाट, 07 नवंबर 2026: तृणमूल कांग्रेस सांसद अभिषेक बनर्जी के घर के बाहर अब अगले 60 दिनों तक धारा 163 लागू रहेगी। शुक्रवार रात घर के बाहर हुई झड़प के बाद प्रशासन ने इसे सख्ती से लागू करने का फैसला लिया। अभिषेक बनर्जी के कोलकाता स्थित कालीघाट आवास पर जन्मदिन के जश्न के दौरान शुक्रवार रात झड़प हुई थी। इसके बाद उन्होंने सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट करके प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए थे।
देर रात हुई झड़प के बाद अभिषेक बनर्जी के घर के बाहर सुरक्षा और सख्त कर दी गई है। उनके घर के आसपास भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 163 अगले 60 दिनों तक लागू रहेगी। यह धारा पहले से ही 13 अक्टूबर से उनके आवास के आसपास लागू थी। हालांकि जन्मदिन के जश्न के दौरान शुक्रवार रात हुई झड़प के बाद प्रशासन ने इसे जारी रखने का फैसला किया है।
तृणमूल कांग्रेस के सांसद अभिषेक बनर्जी ने शनिवार को आरोप लगाया कि बीजेपी के कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार देर रात यहां उनके आवास पर हमला किया। जिसके बाद दोनों दलों के समर्थकों के बीच झड़प हो गई। डायमंड हार्बर से सांसद बनर्जी ने दावा किया कि यह हमला उनकी जान लेने की साजिश के तहत किया गया था। उन्होंने आरोप लगाया कि घटना से पहले लगातार दो दिन तक उनके कार्यालय और आवास पर नजर रखी गई। उन्होंने कहा कि झड़प में उनके कई समर्थक गंभीर रूप से घायल हो गए।
अभिषेक बनर्जी ने एक्स पर पोस्ट में एक वीडियो शेयर करते हुए लिखा लगातार दो दिन तक रैकी करने के बाद भाजपा के गुंडों ने देर रात दो बजे मेरे आवास पर हमला किया। फुटेज देखें और खुद फैसला करें। अगर एक निर्वाचित सांसद के साथ ऐसा हो सकता है तो पश्चिम बंगाल में आम आदमी की दुर्दशा की कल्पना कीजिए।
ये नहीं देखें: स्कूल लीडर्स के लिए सीजीसी लांडरां द्वारा विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया