कॉकरोच जनता पार्टी के अभिजीत दीपके ने ममता बनर्जी से मुलाकात की

by Manu
अभिजीत दीपके

कोलकाता, 01 नवंबर 2026: कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने शनिवार को ममता बनर्जी से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने नीट पेपर लीक और चुनावी अनियमितताओं के खिलाफ युवाओं के आंदोलन को समर्थन देने के लिए ममता बनर्जी का आभार जताया। हालांकि दीपके ने साफ कर दिया कि उनकी पार्टी रविवार को दिल्ली के रामलीला मैदान में होने वाली इंडिया ब्लॉक की रैली में औपचारिक रूप से शामिल नहीं होगी।

अभिजीत दीपके ने कहा कि सीजेपी एक स्वतंत्र और निष्पक्ष संगठन है। पार्टी अपनी अलग पहचान बनाए रखना चाहती है। हालांकि वोट चोरी और चुनावी अनियमितताओं के खिलाफ आवाज उठाने वाले सभी संगठनों को उसका समर्थन जारी रहेगा।

ममता बनर्जी से मुलाकात के बाद अभिजीत दीपके ने कहा कि वह उनसे विशेष रूप से धन्यवाद देने आए थे। उन्होंने कहा कि नीट पेपर लीक के खिलाफ जंतर-मंतर पर हुए सीजेपी के पहले आंदोलन के दौरान ममता बनर्जी ने युवाओं का मजबूती से साथ दिया था। दीपके के मुताबिक जब सीजेपी के नेता सौरव दास और आशुतोष रांका को दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार किया था तब भी ममता बनर्जी उनके समर्थन में खड़ी रही थीं।

इंडिया ब्लॉक की रैली में शामिल होने के सवाल पर दीपके ने कहा हम रविवार के प्रदर्शन का समर्थन करते हैं और उसके साथ एकजुटता जाहिर करते हैं। लेकिन कॉकरोच जनता पार्टी एक स्वतंत्र संगठन और निष्पक्ष मंच है। हम अपनी इस पहचान को बनाए रखना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि जो भी संगठन वोट चोरी के खिलाफ लड़ाई लड़ेंगे सीजेपी उनका समर्थन करेगी। संगठन के लिए यह मायने नहीं रखता कि संबंधित संगठन किस राजनीतिक दल से जुड़ा है।

ये भी देखे: 5 साल की बच्ची ने CM योगी को बुलडोजर टॉय गिफ्ट किया, योगी बोले- मन लगाकर पढ़ाई करना

You may also like