BJP ने 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारी तेज की, बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने की रणनीति

by Priya
CM Yogi UP

लखनऊ, 31 अक्टूबर 2026। उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को देखते हुए भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने अपनी संगठनात्मक तैयारियां तेज कर दी हैं। शनिवार को लखनऊ स्थित पार्टी मुख्यालय में हुई रणनीतिक बैठक में बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय करने, घर-घर संपर्क अभियान चलाने और चुनाव प्रबंधन को मजबूत बनाने पर जोर दिया गया।

बैठक में BJP के राष्ट्रीय महासचिव और उत्तर प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े ने कहा कि चुनाव में बेहतर प्रदर्शन के लिए माइक्रोमैनेजमेंट और समय से तैयारी पूरी करना जरूरी है।

हर 50 घरों के लिए एक कार्यकर्ता की जिम्मेदारी

बैठक में घर-घर संपर्क अभियान की विस्तृत योजना तैयार करने पर जोर दिया गया। इसके तहत हर 50 घरों के लिए एक पार्टी कार्यकर्ता को जिम्मेदारी देने की बात कही गई।

विनोद तावड़े ने विधानसभा क्षेत्रों में प्रवासी प्रभारियों की नियुक्ति जल्द पूरी करने और जिला तथा विधानसभा स्तर पर चुनाव प्रबंधन समितियां गठित करने के निर्देश दिए।

छह क्षेत्रों में 3 नवंबर से पदयात्राएं

BJP प्रदेश अध्यक्ष और केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने बताया कि 3 नवंबर से राज्य के सभी छह संगठनात्मक क्षेत्रों में ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत पदयात्राएं आयोजित की जाएंगी।

इन कार्यक्रमों के माध्यम से पार्टी कार्यकर्ताओं और आम लोगों के बीच संपर्क बढ़ाने की योजना है। पार्टी ने प्रत्येक क्षेत्रीय पदयात्रा में कम से कम 25 हजार लोगों की भागीदारी का लक्ष्य रखा है।

मतदाता सूची के पुनरीक्षण पर भी जोर

बैठक में मतदाता सूची के सत्यापन और विशेष पुनरीक्षण अभियान को प्राथमिकता देने की बात कही गई। BJP नेतृत्व ने युवाओं को मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए फॉर्म-6 भरवाने पर भी ध्यान देने को कहा।

पार्टी की योजना है कि आगामी चुनाव से पहले संगठन को मंडल, जिला और बूथ स्तर तक सक्रिय किया जाए। इसके लिए कार्यकर्ताओं को उनकी जिम्मेदारियों के अनुसार काम सौंपने और विभिन्न सामाजिक वर्गों से संपर्क बढ़ाने की रणनीति बनाई गई है।

यूपी की पहली स्लीपर वंदे भारत ट्रेन को सीएम योगी और रेलमंत्री हरी झंडी दिखाएंगे

You may also like