पटना, 31 अक्टूबर 2026। बिहार सरकार राज्य के युवाओं को डिजिटल और कंप्यूटर कौशल में प्रशिक्षित करने के लिए कुशल युवा कार्यक्रम के तहत ‘डिजिटल मित्र’ ट्रेनिंग का विस्तार करने जा रही है। इस कार्यक्रम के लिए पूरे राज्य में 1,609 प्रशिक्षण केंद्रों का लक्ष्य रखा गया है। इसका उद्देश्य युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार के बेहतर अवसरों के लिए तैयार करना है।
यह पहल राज्य सरकार के सात निश्चय-3 कार्यक्रम के तहत ‘दोगुना रोजगार-दोगुना आय’ के लक्ष्य से जुड़ी है। बिहार कौशल विकास मिशन के माध्यम से इसे संचालित किया जाएगा।
270 घंटे की होगी ट्रेनिंग
डिजिटल मित्र कार्यक्रम के तहत कुल 270 घंटे का प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसमें केवल कंप्यूटर और डिजिटल कौशल ही नहीं, बल्कि नौकरी के लिए जरूरी दूसरी क्षमताओं पर भी ध्यान दिया जाएगा।
प्रशिक्षण में मुख्य रूप से ये विषय शामिल होंगे:
- डिजिटल और कंप्यूटर कौशल
- व्यवहार और संवाद कौशल
- अंग्रेजी भाषा का प्रशिक्षण
- रोजगार की तैयारी
- ऑन-जॉब ट्रेनिंग यानी काम के दौरान व्यावहारिक अनुभव
15 से 28 साल के युवा ले सकेंगे हिस्सा
इस कार्यक्रम में 15 से 28 वर्ष तक के युवा शामिल हो सकेंगे। विशेष वर्गों के लिए आयु सीमा में छूट का प्रावधान भी रखा गया है। इसका उद्देश्य राज्य के युवाओं को डिजिटल कामकाज के लिए तैयार करना और उनकी रोजगार क्षमता बढ़ाना है।
680 केंद्र संचालकों ने किया आवेदन
कार्यक्रम के संचालन के लिए पहले से कुशल युवा कार्यक्रम चला रहे केंद्र संचालकों से आवेदन मांगे गए थे। तय समय तक 680 केंद्र संचालकों ने आवेदन जमा किए।
अब इन संचालकों के साथ समझौता ज्ञापन (MoU) की प्रक्रिया 29 अक्टूबर से 5 नवंबर 2026 तक पूरी की जानी है। इसके लिए पटना स्थित बिहार कौशल विकास मिशन कार्यालय में व्यवस्था की गई है।
NSQF के अनुरूप तैयार किया गया पाठ्यक्रम
कार्यक्रम का पाठ्यक्रम राष्ट्रीय कौशल योग्यता रूपरेखा (NSQF) के अनुरूप तैयार किया गया है। सरकार का लक्ष्य है कि राज्य के अधिक से अधिक युवा कंप्यूटर और डिजिटल कौशल सीखकर नौकरी के साथ स्वरोजगार के अवसर भी तलाश सकें।
दो निर्दलीय MLC ने थामा BJP का दामन, बिहार की राजनीति में नई हलचल