भुवनेश्वर, 27 अक्टूबर 2026: बंगाल की खाड़ी में उठा चक्रवात अर्नब आंध्र प्रदेश के तट की ओर बढ़ रहा है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक 28 अक्टूबर की सुबह इसके 2 से 4 बजे के बीच आंध्र प्रदेश और केंद्र शासित प्रदेश यानम के तट के पास बापटला और विशाखापत्तनम के बीच पहुंचने की संभावना है।
इस दौरान हवा की रफ्तार 125 से 135 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है जबकि झोंकों की रफ्तार 150 किलोमीटर प्रति घंटे तक रहने का अनुमान है।
मौसम विभाग के अनुसार 27 अक्टूबर को सुबह 11:30 बजे चक्रवात पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी में 16.2 डिग्री उत्तरी अक्षांश और 83.7 डिग्री पूर्वी देशांतर के पास मौजूद था। चक्रवात 27 अक्टूबर की शाम तक पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में बढ़ने के बाद उत्तर-पश्चिम की ओर मुड़ गया था। इसके 28 अक्टूबर की सुबह बेहद गंभीर चक्रवाती तूफान के रूप में तट पार करने की संभावना है। तूफान के असर से कई इलाकों में जोरदार बारिश और तेज हवाएं देखने को मिल सकती हैं।
आईएमडी भुवनेश्वर की निदेशक मनोरमा मोहंती ने बताया कि 28 अक्टूबर को ओडिशा में व्यापक बारिश के साथ कुछ इलाकों में भारी से बहुत भारी और कहीं-कहीं अत्यंत भारी बारिश होने का अनुमान है। उन्होंने लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी। मौसम विभाग ने 28 अक्टूबर को ओडिशा तटीय आंध्र प्रदेश और यानम में कुछ स्थानों पर अत्यंत भारी बारिश की चेतावनी दी है। 28 अक्टूबर को छत्तीसगढ़ में भी कुछ जगहों पर अत्यंत भारी बारिश हो सकती है।
ये भी देखे: आपदा प्रबंधन विभाग में दस दिवसीय इंटर्नशिप कार्यक्रम के दूसरे सत्र का शुभारंभ