पंजाब विधानसभा में कांग्रेस और आप विधायकों के बीच हंगामा, धक्का-मुक्की

by Manu
पंजाब विधानसभा uproar

चंडीगढ़, 27 अक्टूबर 2026: पंजाब विधानसभा में मंगलवार को जमकर हंगामा देखने को मिला। सदन में कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के विधायक आमने-सामने आ गए। विपक्ष के नेता प्रताप सिंह बाजवा के नेतृत्व में कांग्रेस के विधायक प्रदर्शन कर रहे थे। उनका आरोप था कि उन्हें विधानसभा की कार्यवाही में हिस्सा लेने से रोका गया।

विरोध जताने के लिए कांग्रेस के विधायक विधानसभा परिसर में झाड़ू लेकर पहुंचे। झाड़ू आम आदमी पार्टी का चुनाव चिह्न है। कांग्रेस के विधायकों ने विधानसभा परिसर में झाड़ू जलाकर विरोध जताया।

इसके बाद प्रताप सिंह बाजवा उस जगह जाने लगे जहां मीडिया के कैमरे लगे थे। वह वहां पत्रकारों से बात करना चाहते थे। लेकिन उनके पहुंचने से पहले ही आप विधायक कुलदीप सिंह धालीवाल ने पोडियम पर कब्जा कर लिया और अपनी बात रखने लगे। धालीवाल के पोडियम पर बोलने से कांग्रेस के नेता नाराज हो गए। बाजवा के साथ आए विधायक धालीवाल के सामने खड़े होकर नारेबाजी करने लगे। देखते ही देखते दोनों दलों के नेताओं के बीच तनाव बढ़ गया और धक्का-मुक्की होने लगी।

हंगामे से नाराज आप विधायक कुलदीप सिंह धालीवाल ने आरोप लगाया कि कांग्रेस के नेताओं ने महिला नेताओं के साथ बदसलूकी की और उन्हें धक्का दिया। उन्होंने कहा कि वह इस मामले की शिकायत विधानसभा अध्यक्ष से करेंगे। इसके बाद आम आदमी पार्टी के नेताओं ने भी कांग्रेस की तरह विरोध किया। कांग्रेस नेता सुखपाल सिंह खैरा ने जब पोडियम संभाला तो आप के विधायक उनके खिलाफ नारेबाजी करने लगे। इसी दौरान आप विधायक सर्वजीत कौर मानुके ने खैरा के हाथ से कागज छीनने की कोशिश की।

ये भी देखे: आपदा प्रबंधन विभाग में दस दिवसीय इंटर्नशिप कार्यक्रम के दूसरे सत्र का शुभारंभ

You may also like