सिवान, 23 अक्टूबर 2026: बिहार के सिवान जिले में शुक्रवार को पटाखों में आग लगने से एक मकान में भीषण विस्फोट हो गया। जामो थाना क्षेत्र के आलमपुर गांव में हुई इस घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
स्थानीय लोगों के अनुसार हादसे में करीब सात लोगों की मौत की सूचना है। हालांकि मृतकों की संख्या और उनकी पहचान की आधिकारिक पुष्टि की प्रतीक्षा है। विस्फोट इतना तेज था कि मकान के अगले हिस्से का मलबा सड़क पर जा गिरा।
आलमपुर निवासी मो. अमीरुद्दीन मियां के मकान में पटाखे रखे हुए थे। उन्हें पटाखों का कारोबारी बताया जा रहा है। मकान में कई लोग मौजूद थे तभी पटाखों में आग लग गई। आग ने वहां रखे अन्य पटाखों को भी अपनी चपेट में ले लिया और लगातार विस्फोट होने लगे। करीब दो घंटे तक रह-रहकर धमाकों की आवाज सुनाई देती रही।
विस्फोट की तीव्रता इतनी अधिक थी कि मकान का अगला हिस्सा ढहकर सड़क पर गिर गया। घटना के बाद आसपास के इलाके में दहशत फैल गई। धमाकों की आवाज से लोग सहम गए और घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। मकान को हुए नुकसान और विस्फोट की भयावहता के कारण राहत एवं पहचान संबंधी कार्यों में परेशानी होने की जानकारी सामने आई है।
ये भी देखे: Manipur: सुरक्षा बलों ने मणिपुर में विभिन्न उग्रवादी समूहों के 9 सदस्य गिरफ्तार