मुंबई, 21 अक्टूबर 2026: अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग के मामले में मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच ने कार्रवाई तेज कर दी है। जांच के दौरान पुलिस ने हरियाणा के सोनीपत से दो और आरोपियों समीर और जतिन को हिरासत में लिया है। दोनों की गिरफ्तारी की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है।
पुलिस के अनुसार हथियारों की सप्लाई में इन दोनों की अहम भूमिका सामने आई है। इन्हें अदालत में पेश कर ट्रांजिट रिमांड लेने के बाद मुंबई लाया जाएगा। इन दोनों की हिरासत के साथ मामले में आरोपियों की कुल संख्या 10 हो गई है।
फायरिंग की घटना के करीब 15 घंटे के भीतर बाइक पर सवार तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया था। जांच आगे बढ़ने पर पांच अन्य आरोपियों की भूमिका सामने आई। इनमें तीन पुरुष और दो महिलाएं शामिल हैं। पुलिस ने इन पांचों को भी गिरफ्तार किया था। सोनीपत से दो और आरोपियों को हिरासत में लेने के बाद जांच का दायरा और बढ़ गया है।
गिरफ्तार किए गए दो पुरुष आरोपी पंजाब के अमृतसर गए थे। वहां से हथियार लाए गए। इन हथियारों को रेलवे के जरिए मुंबई पहुंचाया गया। इस प्रक्रिया में दो महिलाओं ने कुरियर की भूमिका निभाई। दोनों महिलाएं हथियार लेकर मुंबई पहुंचीं और शूटर्स को हथियार सौंपे। पुलिस का कहना है कि इन्हीं हथियारों का इस्तेमाल 18 अक्टूबर की फायरिंग में हुआ।
दो पुरुष आरोपियों की उम्र 21 और 19 साल है। इनमें से एक नियमित नौकरी नहीं करता जबकि दूसरा बेकरी की दुकान पर काम करता है। दोनों महिलाओं में से एक छोटे-मोटे काम करती है जबकि दूसरी एक कंपनी में वायरिंग से जुड़ा काम करती है। दोनों महिलाओं के बीच संपर्क था और इसी के जरिए वे इस नेटवर्क से जुड़ीं।
जांच में एक अन्य आरोपी की भूमिका भी सामने आई है। उसने शूटर्स को लॉजिस्टिक सपोर्ट दिया था। वह मुंबई में तीनों शूटर्स के साथ रुका था और उन्हें जरूरी मदद उपलब्ध कराई थी।
ये भी देखे: दिल्ली हाई कोर्ट पहुंचे CJP नेता सौरव दास और आशुतोष रांका, न्यायिक हिरासत के खिलाफ तत्काल सुनवाई की मांग