चंडीगढ़, 17 अक्टूबर 2026: यूक्रेन में ठंड के मौसम की शुरुआत होने के साथ ही ऊर्जा संयंत्रों पर रूसी हमले बढ़ गए हैं। शनिवार को भी रूस ने 15 से ज्यादा बिजलीघरों और गैस स्टेशनों को हवाई हमलों में निशाना बनाया।
राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने कहा है कि रूसी हमलों के दुष्प्रभावों से निपटने के लिए हम पूरी कोशिश कर रहे हैं। और ऊर्जा संयंत्रों की मरम्मत का कार्य तेज कर दिया गया है। इस बीच यूक्रेन ने पूर्वी यूक्रेन के डोब्रोपीलिया शहर पर रूस के कब्जे के दावे को खारिज किया है। कहा है कि डोब्रोपीलिया पर हमारा नियंत्रण बना हुआ है। वहां पर भीषण लड़ाई जारी है।
यूक्रेन ने रूस के उस दावे को झूठा बताया है जिसमें एक सितंबर से अभी तक यूक्रेन की 1800 वर्ग किलोमीटर भूमि और 92 ठिकानों पर कब्जा करने की बात कही गई है। इस बीच यूक्रेनी राष्ट्रपति जेलेंस्की ने पड़ोसी देशों पोलैंड रोमानिया स्लोवाकिया और हंगरी से खाद्यान्न निर्यात में मदद करने का अनुरोध किया है।
यूक्रेन विश्व में गेहूं मक्का और सूरजमुखी के बीजों का बड़ा निर्यातक है। उसका 90 प्रतिशत निर्यात काला सागर के जरिये होता था। लेकिन रूस के हमलों के चलते अब वहां से निर्यात बहुत मुश्किल हो गया है। इसी के चलते जेलेंस्की ने सड़क मार्ग से जुड़े पड़ोसी देशों से निर्यात में मदद मांगी है। हंगरी के प्रधानमंत्री पीटर मैग्येर ने इसमें मदद का आश्वासन दे दिया है।
ये भी देखे: काला सागर में रूसी ड्रोन हमले में सिविलियन कार्गो जहाज पर दो की मौत, एक भारतीय घायल