दिल्ली, 17 अक्टूबर 2026: दिल्ली पुलिस ने कांग्रेस को एक नवंबर को रामलीला मैदान में रैली करने की अनुमति दे दी है। इस कार्यक्रम के लिए नो-ऑब्जेक्शन सर्टिफिकेट भी जारी कर दिया है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी। 30 सितंबर को इंडिया ब्लॉक ने एसआईआर विवाद को लेकर एक संयुक्त कार्य योजना को अंतिम रूप दिया था। इसमें रैलियां और लोकतंत्र बचाओ मार्च शामिल हैं। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने बताया कि सभी दल इस बात पर सहमत हैं कि चुनाव ईवीएम के बजाय बैलेट पेपर से होने चाहिए। इसके बाद खरगे ने कहा कि पार्टी एक नवंबर को दिल्ली में एक बड़ी रैली आयोजित करेगी।
पुलिस उपायुक्त मध्य रोहित राजबीर सिंह ने कहा कि इंडियन नेशनल कांग्रेस ने एक नवंबर को रामलीला मैदान में एक रैली करने की योजना बनाई है। और इसके लिए दिल्ली पुलिस से जरूरी एनओसी मांगी थी। तय विरोध स्थल पर रैली करने के लिए 25 अक्टूबर से तीन नवंबर तक की अवधि के लिए एनओसी जारी कर दी गई है। पुलिस ने बताया कि दिल्ली पुलिस रैली के आयोजकों ट्रैफिक पुलिस और अन्य संबंधित एजेंसियों के साथ लगातार संपर्क में है। ताकि कानून-व्यवस्था बनी रहे। ट्रैफिक का प्रबंधन ठीक से हो सके। और प्रस्तावित रैली बिना किसी बाधा के संपन्न हो सके।
इंडिया ब्लॉक की हाल ही में बैठक हुई थी। यह बैठक एक मीडिया रिपोर्ट के प्रकाशित होने के बाद की गई। जिसमें बताया गया था कि चुनाव आयुक्त सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी ने पिछले 10 महीनों में कम से कम 14 बार एसआईआर से जुड़े फैसलों और आदेशों पर आधिकारिक तौर पर आपत्ति जताई थी। उनका कहना था कि ये फैसले उनकी जानकारी या सिफारिश के बिना लिए गए थे।
ये भी देखे: किरेन रिजिजू ने संसद का विशेष सत्र बुलाने के संकेत दिए, महिला आरक्षण लागू करने की बात कही