लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर पूर्व सांसद की एस्कॉर्ट गाड़ी पलटी, हेड कांस्टेबल की मौत

by Manu
सुब्रत पाठक के एस्कॉर्ट की गाड़ी पलटी

कन्नौज, 13 अक्टूबर 2026: उत्तर प्रदेश में आगरा से कन्नौज आते समय एक्सप्रेसवे पर एक बड़ा हादसा हो गया। पूर्व सांसद सुब्रत पाठक के एस्कॉर्ट की गाड़ी पलट गई। इससे उसमें सवार एक पुलिसकर्मी की जान चली गई। दो घायल हुए हैं। हादसे की सूचना मिलते ही पूर्व सांसद और राज्य मंत्री कैलाश राजपूत सहित कई भाजपा नेता मौके पर पहुंचे। घायलों को मेडिकल कॉलेज से कानपुर रेफर किया गया है। पता चला है कि सकरावा थाना क्षेत्र में अनियंत्रित होकर एस्कॉर्ट गाड़ी पलट गई थी।

मंगलवार को लखनऊ आगरा एक्सप्रेसवे पर भाजपा नेता और पूर्व सांसद सुब्रत पाठक को एस्कॉर्ट कर रही पुलिस की स्कॉर्पियो कार डिवाइडर से टकराकर पलट गई। हादसे में एक हेड कांस्टेबल की मौत हो गई। दूसरा गंभीर हालत में है। जिसे कानपुर रेफर किया गया है। घायल स्कॉर्पियो चालक का मेडिकल कॉलेज में इलाज जारी है। पुलिस हादसे का कारण जानने की कोशिश कर रही है। पूर्व सांसद एसपी सहित पुलिस के कई अफसर और भाजपा नेता घटनास्थल से लेकर मेडिकल कॉलेज तक हादसा पीड़ितों की मदद में जुटे रहे।

पूर्व सांसद सुब्रत पाठक मंगलवार दोपहर आगरा की तरफ से कन्नौज आ रहे थे। लखनऊ आगरा एक्सप्रेसवे पर उनके काफिले को एस्कॉर्ट कर रही एक स्कॉर्पियो भी पीछे-पीछे चल रही थी। सकरावा थाना के तहत एक्सप्रेसवे के 145 किलोमीटर पोल के पास अचानक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो डिवाइडर से टकराकर पलट गई। जोरदार टक्कर से स्कॉर्पियो के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए। हादसे में एस्कॉर्ट ड्यूटी में लगे हेडकांस्टेबल अभिषेक त्रिपाठी की मौके पर ही जान चली गई। दूसरा हेडकांस्टेबल कुंवरपाल और चालक शरद कुमार हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए हैं। हेडकांस्टेबल को हालत चिंताजनक होने पर कानपुर रिफर किया गया है। डॉक्टरों का कहना है कि घायल फिलहाल स्थिर है।

ये भी देखे: पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर घने कोहरे से भयानक हादसा, कार ट्रक में घुसी, तीन की मौत

You may also like