तेहरान, 26 सितंबर 2026: पश्चिम एशिया में तनाव एक बार फिर खतरनाक स्तर पर पहुंच सकता है। वॉल स्ट्रीट जर्नल के अनुसार डोनल्ड ट्रंप ने ईरान द्वारा रखे गए सात दिनों के युद्धविराम के प्रस्ताव को पूरी तरह खारिज कर दिया है।
रिपोर्ट में अमेरिकी अधिकारियों के हवाले से दावा किया गया है कि ट्रंप ने अपने सलाहकारों और करीबियों को संकेत दिए हैं। वे नवंबर में होने वाले अमेरिकी मध्यावधि चुनावों के बाद ईरान पर फिर से बमबारी और सैन्य कार्रवाई शुरू करने की योजना बना रहे हैं।
यह कदम ट्रंप द्वारा संयुक्त राष्ट्र महासभा में दिए गए कड़े बयान के कुछ ही दिनों बाद सामने आया है। अपने संबोधन में उन्होंने ईरान के भविष्य को लेकर दो टूक रुख अपनाया था।
ट्रंप ने कहा था कि उन्हें तय करना है कि बातचीत के जरिए ईरान को दोबारा मजबूत बनने का मौका दिया जाए। या फिर इस्लामिक गणराज्य पर ऐसा भीषण हमला किया जाए जिससे वह कभी उबर न सके। उन्होंने यह भी जोड़ा था कि चुनाव खत्म होते ही एक नया समझौता होने की संभावना ज्यादा है।
इससे पहले ईरान के विदेश मंत्री सैयद अब्बास अराघची ने घोषणा की थी कि उन्होंने क्षेत्र में शांति बहाल करने के लिए मध्यस्थों के जरिए अमेरिका को एक विस्तृत सात-दिवसीय योजना भेजी है।
इस योजना के तहत तय शर्तों पर अमल होने के बाद सातवें दिन महत्वपूर्ण होर्मुज जलडमरूमध्य को जहाजों की आवाजाही के लिए खोल दिया जाता। दोनों देशों के बीच परमाणु कार्यक्रम पर औपचारिक बातचीत फिर शुरू हो जाती। अराघची के मुताबिक यह मसौदा जून में बनी सहमति पर ही आधारित था।
ये भी देखे: ट्रम्प की धमकी के बाद ईरानी टीम ने वार्ता बीच में छोड़ी, साथ फोटो खिंचाने से भी किया इनकार