चंडीगढ़, 21 सितंबर 2026: पंजाब और चंडीगढ़ में आज 21 सितंबर से अगले चार दिन मौसम ड्राई रहेगा। किसी तरह का अलर्ट नहीं है। वहीं राजस्थान से मानसून की वापसी शुरू हो गई है। ऐसे में माना जा रहा है कि अगले तीन दिनों में राज्य से मानसून की विदाई हो जाएगी। गत 24 घंटे में राज्य के अधिकतम तापमान में 0.4 डिग्री की वृद्धि हुई है। अब यह सामान्य के करीब पहुंच गया है। सबसे अधिक तापमान 35.7 डिग्री पटियाला में दर्ज किया गया है।
मौसम विभाग के मुताबिक अब पश्चिमी हवाएं चल रही हैं। इस वजह से बादल बनना बंद हो गए हैं और नमी हट गई है। इससे आसमान साफ रहेगा। हालांकि मौसम में नया डेवलपमेंट होने जा रहा है। बंगाल की खाड़ी में एक डिप्रेशन बन गया है।
इस वजह से हवाएं घड़ी की विपरीत दिशा में घूमेंगी। ऐसे में पूर्वी हवाएं आगे आना शुरू हो जाएंगी। एक एंटी साइक्लोन भी पश्चिमी राजस्थान और पाकिस्तान के ऊपर बना है। इससे पश्चिमी हवाएं बनी रहेंगी और आसमान साफ रहेगा। बारिश की संभावना न के बराबर है। हालांकि सुबह-शाम ठंड की संभावना रहेगी।
पंजाब में बिजली की मांग लगातार बढ़ी हुई है। आज 11628 मेगावाट बिजली की डिमांड रही है। बिजली विभाग ने केंद्रीय ग्रिड से 7056 मेगावाट बिजली ली जो तय शेड्यूल से 125 मेगावाट ज्यादा है। बिजली की फ्रीक्वेंसी 49.82 हर्ट्ज दर्ज हुई।
ये भी देखे: पंजाब-चंडीगढ़ में मौसम बदलेगा, कल से 4 दिन गरज-चमक के साथ बारिश, यलो अलर्ट जारी