दिल्ली, 19 सितंबर 2026: संयुक्त अरब अमीरात के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान ने आज शुक्रवार को प्रधानमंत्री मोदी से फोन पर बात की। यूएई के राष्ट्रपति ने प्रधानमंत्री मोदी को उनके जन्मदिन पर बधाई दी। बातचीत में दोनों नेताओं ने भारत-यूएई व्यापक रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने के नए उपायों पर चर्चा की। इसमें एनर्जी डिफेंस टेक्नोलॉजी इनवेस्टमेंट और हेल्थ जैसे क्षेत्र शामिल रहे।
प्रधानमंत्री मोदी ने इस बातचीत को लेकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट भी किया है। अपने पोस्ट में प्रधानमंत्री ने लिखा कि मेरे भाई यूएई के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान का फोन करने और जन्मदिन की शुभकामनाएं देने के लिए मैं आभारी हूं। हमने हमारी द्विपक्षीय व्यापक रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने के उपायों पर चर्चा की और क्षेत्रीय शांति सुरक्षा और स्थिरता को बढ़ावा देने के प्रयासों पर विचारों का आदान-प्रदान किया।
प्रधानमंत्री कार्यालय के मुताबिक यूएई के राष्ट्रपति ने भारत की सफल ब्रिक्स अध्यक्षता के लिए प्रधानमंत्री मोदी को बधाई दी। वहीं प्रधानमंत्री मोदी ने ब्रिक्स समिट में क्राउन प्रिंस शेख खालिद की भागीदारी और भारत की अध्यक्षता में ठोस परिणाम हासिल करने में यूएई के सहयोग और साझेदारी की तारीफ की।
इस दौरान यूएई के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान और प्रधानमंत्री मोदी ने पश्चिम एशिया में हो रही घटनाओं पर विचारों का आदान-प्रदान किया। उन्होंने क्षेत्रीय शांति सुरक्षा और स्थिरता को बढ़ावा देने की कोशिशों में लगातार सहयोग और समन्वय बनाए रखने की अपनी प्रतिबद्धता भी दोहराई।
ये भी देखे: यूएई के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान भारत पहुंचे, PM मोदी ने एयरपोर्ट पर किया स्वागत