कानपुर, 18 सितंबर 2026: यूपी में गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 76वां जन्मदिन मनाया गया। इस मौके पर लखनऊ के राष्ट्र प्रेरणा स्थल समेत कई जगहों पर करीब साढ़े चार लाख दीप जलाए गए। कार्यक्रम में राज्यपाल आनंदीबेन पटेल सीएम योगी डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक और केशव प्रसाद मौर्य शामिल हुए।
वहीं अयोध्या में 50 हजार दीप जलाए गए। कानपुर में 11 हजार दीपों से पीएम मोदी का पोर्ट्रेट बनाया गया और रंगोली तैयार की गई। गोरखपुर में यूपी भाजपा प्रभारी विनोद तावड़े ने दीप जलाया। मेरठ एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति कुर्ता-धोती पहनकर कार्यक्रम में पहुंचे। उन्होंने जूते-चप्पल उतारकर नंगे पैर दीप जलाया।
इससे पहले सीएम योगी और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने पीएम मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी पहुंचकर काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन किया। इसके बाद लोगों को केक खिलाया। महिला सफाईकर्मियों को बनारसी साड़ी भेंट कर सम्मानित किया।
राजनाथ ने कहा कि जिंदगी लंबी नहीं बड़ी होनी चाहिए। पीएम मोदी ने अपने नेतृत्व विजन और लगन से इसे हासिल किया है। पिछले 25 साल से वे लगातार संवैधानिक पदों की जिम्मेदारी पूरी निष्ठा से संभाल रहे हैं। आगे भी दशकों तक देश की सेवा करते रहेंगे।
वाराणसी के अहिल्याबाई घाट पर बटुक ब्राह्मणों ने मां गंगा का 76 लीटर दूध से अभिषेक किया। नमामि गंगे की टीम ने गंगा को 76 मीटर लंबी चुनरी अर्पित की। प्रयागराज में संगम तट पर विशेष पूजा-अर्चना की गई। लोकगायिका मालिनी अवस्थी ने सोहर गाकर पीएम को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं।
ये भी देखें: पीएम मोदी का 76वां जन्मदिन, बिहार में सेवा संकल्प अभियान शुरू, जलाए जाएंगे 21 लाख दीए