हरारे, 16 सितंबर 2026: ऑस्ट्रेलिया ने हरारे में खेले गए पहले वनडे में जिम्बाब्वे को 59 रन से हरा दिया। मैट रेनशॉ के पहले वनडे शतक की मदद से ऑस्ट्रेलिया ने 294 रन बनाए। जवाब में नाथन एलिस के करियर बेस्ट पांच विकेट के सामने जिम्बाब्वे की टीम 235 रन पर ऑलआउट हो गई।
मैट रेनशॉ ने 88 गेंदों में अपना पहला वनडे शतक पूरा किया। उन्होंने 55 गेंदों में अर्धशतक लगाया और अगली 33 गेंदों में दूसरा अर्धशतक पूरा कर शतक तक पहुंचे। उनकी पारी में दो बड़े छक्के भी शामिल रहे जिनमें से एक स्टेडियम की छत पर जा गिरा।
रेनशॉ ने एलेक्स कैरी और ओली पीक के साथ पार्टनरशिप की। उन्होंने कैरी के साथ पांचवें विकेट के लिए 83 गेंदों पर 72 रन की साझेदारी की। जबकि पीक के साथ छठे विकेट के लिए 69 गेंदों पर 75 रन की पार्टनरशिप की।
295 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए जिम्बाब्वे की शुरुआत खराब रही। टीम ने 46 रन तक तीन विकेट गंवा दिए थे। इसके बाद क्रेग एर्विन और सिकंदर रजा ने 98 रन की साझेदारी कर पारी संभाली।
नाथन एलिस ने अपने दूसरे स्पेल में एर्विन को बोल्ड कर साझेदारी तोड़ी। एर्विन ने 52 रन बनाए। इसके बाद स्पेंसर जॉनसन ने रजा को शानदार यॉर्कर पर बोल्ड किया। रजा ने 51 रन की पारी खेली।
एलिस ने 8.3 ओवर में 31 रन देकर पांच विकेट लिए। यह वनडे में उनका करियर बेस्ट प्रदर्शन है। स्पेंसर जॉनसन और जेवियर बार्टलेट को भी दो-दो विकेट मिले।
ये भी देखे: जिम्बाब्वे-ऑस्ट्रेलिया ODI सीरीज आज से हरारे में शुरू, जानें कब-कहां होंगे मुकाबले