गुलजार सुसाइड केस में कांग्रेस का मार्च, चंडीगढ़ पुलिस ने सचिन पायलट को हिरासत में लिया

by Manu
punjab congress protest

चंडीगढ़, 15 सितंबर 2026: संगरूर के गुलजार सुसाइड केस में कांग्रेस ने चंडीगढ़ के सेक्टर 15 स्थित पंजाब कांग्रेस भवन से वित्त मंत्री हरपाल चीमा के आवास की तरफ कूच किया। लेकिन रास्ते में पुलिस ने बैरिकेडिंग कर कांग्रेस नेताओं और वर्करों को रोक दिया। इस दौरान कुछ कांग्रेस वर्कर बैरिकेडिंग पर चढ़ गए। उन पर पुलिस ने वाटर कैनन चलाई।

इस मार्च की अगुआई कर रहे पंजाब कांग्रेस के नए प्रभारी एवं राजस्थान के पूर्व डिप्टी सीएम सचिन पायलट को चंडीगढ़ पुलिस ने हिरासत में ले लिया। पुलिस से टकराव के दौरान कई वर्करों को चोटें भी आईं।

इससे पहले उन्होंने मंच से कहा कि पंजाब में चिट्टे की होम डिलीवरी हो रही है। गरीब दलित गुलजार मंत्री का नाम लेकर मरा। सचिन पायलट ने कहा कि पंजाब की लड़ाई में मैं आगे रहूंगा। पहली लाठी मैं खाऊंगा। वर्कर्स की बारी बाद में आएगी।

वहीं तीन महीने बाद पूर्व सीएम व जालंधर से सांसद चरणजीत चन्नी और प्रदेश कांग्रेस प्रधान अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग एक ही स्टेज पर नजर आए। सचिन पायलट के राइट साइड में चरणजीत सिंह चन्नी और लेफ्ट साइड में राजा वड़िंग बैठे। इस दौरान चन्नी और राजा वड़िंग बात करते हुए दिखे। मंच से चन्नी के नाम लेते ही कार्यकर्ताओं ने नारे लगाए। चन्नी ने अपने पूरे भाषण में राजा वड़िंग का नाम नहीं लिया। इस दौरान नेता प्रतिपक्ष प्रताप सिंह बाजवा ने कहा कि ये लो मंच पर सारे कांग्रेसी इकट्ठे हो गए।

उन्होंने कहा कि बिना चेहरे के इलेक्शन लड़ेंगे। यहां राहुल गांधी प्रियंका गांधी मल्लिकार्जुन खड़गे और सचिन पायलट के नाम पर वोट लेंगे। जब हमें बहुमत मिलेगा तब फैसला हाईकमान लेगा। बाप जिंदा हो तो बेटों का कोई अधिकार नहीं होता है।

राजा वड़िंग के माइक पर बोलते ही एनएसयूआई वर्करों ने झंडे उठाए। राजा वड़िंग उन्हें बैठने के लिए कहते रहे लेकिन वो फिर भी झंडे लहराते रहे। इसके बाद वड़िंग ने कहा कि चन्नी साहब हैं और प्रताप सिंह बाजवा मेरे सम्मानित लीडर हैं। वड़िंग ने सीएम भगवंत मान को चैलेंज देते हुए कहा कि मंच पर आकर घेरूंगा।

ये भी देखे: कांग्रेस प्रभारी सचिन पायलट आज पहली बार पंजाब पहुंचेंगे, चंडीगढ़ में रैली, ट्रैफिक डायवर्ट

You may also like