पटना, 14 सितंबर 2026: देश के कई राज्यों में बारिश अब आफत बनती जा रही है। उत्तराखंड में जगह-जगह लैंडस्लाइड हो रही है। केदारनाथ के चीरबासा हेलिपैड के पास रविवार को पहाड़ से चट्टानें गिरने से 65 साल के व्यक्ति की मौत हो गई। केदारनाथ पैदल मार्ग पर भी लैंडस्लाइड हुई जिसके बाद यात्रा रोक दी गई है। भीमबली से केदारनाथ के बीच करीब एक हजार यात्री फंसे हैं। इनमें कई लोगों की तबीयत बिगड़ गई है।
बिहार में 14 जिलों के 2360 गांव बाढ़ की चपेट में हैं और 48 लाख से ज्यादा लोग प्रभावित हैं। राज्य की आठ नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। गंगा का जलस्तर बढ़ने से कोलकाता से वाराणसी जा रहा राजमहल क्रूज भागलपुर में छह दिनों से फंसा है। क्रूज पर सवार नौ विदेशी समेत 11 पर्यटकों को रविवार को सुरक्षित निकाल लिया गया।
राजस्थान में आज 36 जिलों में तेज बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। बंगाल की खाड़ी में बने लो-प्रेशर सिस्टम का असर 16 सितंबर तक रहने का अनुमान है। वहीं मध्य प्रदेश में इंदौर उज्जैन और ग्वालियर संभाग में तीन मानसूनी सिस्टम एक्टिव हैं।
एमपी के भोपाल समेत कई इलाकों में बारिश का दौर जारी है। बड़वानी में नदी-नाले उफान पर हैं। मुरैना में चंबल नदी में नहाते समय पिता-पुत्र की डूबने से मौत हो गई। वहीं टीकमगढ़ में भारी बारिश के बाद बान सुजारा बांध के चार गेट खोल दिए गए हैं।
ये भी देखे: माता वैष्णो देवी यात्रा 17 सितंबर से फिर शुरू, 26 अगस्त के लैंडस्लाइड के बाद थी बंद