सोनीपत, 12 सितंबर 2026: भगत फूल सिंह राजकीय महिला मेडिकल कॉलेज के अस्पताल परिसर से एक्स-रे फिल्मों के बंडल कार में रखकर ले जाने का मामला सामने आया है। दो सितंबर को अस्पताल भवन के पीछे की तरफ तीन बाहरी व्यक्तियों को सुरक्षा कर्मियों ने एक्स-रे फिल्म कार में रखते हुए पकड़ लिया।
सुरक्षा कर्मियों ने कार में रखा फिल्म का बंडल उतरवाकर अपने कब्जे में लिया और मामले की शिकायत मेडिकल कॉलेज के चिकित्सा अधीक्षक को दी। इस मामले में कॉलेज प्रशासन चुप्पी साधे हुए है और खुलकर बोलने को तैयार नहीं है।
पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हो गई। इस पर भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष एवं गोहाना नगर परिषद में मनोनीत पार्षद बलराम कौशिक ने प्रशासन की चुप्पी और अब तक ठोस कार्रवाई न होने पर सवाल उठाए।
सूत्रों के अनुसार एक्स-रे फिल्मों के दो से तीन बंडल तैयार कर पैक किए गए थे। इनमें से एक बंडल कार में रखा जा चुका था और पहले से निगरानी रख रहे सुरक्षा कर्मी मौके पर पहुंच गए।
उन्होंने तीनों व्यक्तियों को पकड़ लिया। मामले को अधिकारियों के संज्ञान में लाया गया लेकिन मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने अब तक जांच और कार्रवाई पर ठोस कदम नहीं उठाए हैं।
इस मामले को लेकर कॉलेज प्रशासन का कोई अधिकारी बोलने को तैयार नहीं है। कॉलेज के कुछ कनिष्ठ अधिकारी पहचान छुपाने पर इतना जरूर कह रहे हैं कि बरामद एक्स-रे फिल्में इस्तेमाल की हुई और पुरानी थीं। कुछ जगह नई फिल्म होने की चर्चा है।
ये भी देखे: हिमाचल प्रदेश में स्वास्थ्य विभाग में 300 डॉक्टर और 200 नर्सों की भर्ती की तैयारी