हिमाचल प्रदेश में स्वास्थ्य विभाग में 300 डॉक्टर और 200 नर्सों की भर्ती की तैयारी

by Manu
हिमाचल स्वास्थ्य विभाग

शिमला, 29 अगस्त 2026: हिमाचल प्रदेश के अस्पतालों में डॉक्टरों की कमी दूर करने के लिए स्वास्थ्य विभाग बड़े स्तर पर भर्ती की तैयारी में जुट गया है। विभाग में 300 डॉक्टर और 200 नर्सों की भर्ती की जा रही है। सरकार का लक्ष्य वर्ष 2027 तक स्वास्थ्य विभाग में सभी रिक्त पदों को भरने का है। खास बात यह होगी कि नए भर्ती होने वाले डॉक्टरों को डेपुटेशन पर भेजने के बजाय सीधे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी), सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) और आदर्श अस्पतालों में तैनाती दी जाएगी। इससे ग्रामीण और दूरदराज के क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाएं मजबूत होने की उम्मीद है।

विभाग ने भर्ती प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के लिए तैयारियां शुरू कर दी हैं। विधानसभा का मानसून सत्र समाप्त होने के बाद डॉक्टरों और नर्सों की भर्ती का प्रस्ताव कमीशन को भेजा जाएगा। इसके बाद भर्ती प्रक्रिया शुरू होगी। आदर्श अस्पतालों और सामुदायिक अस्पतालों में डॉक्टरों की कमी को दूर करने के लिए भी विशेष व्यवस्था की जा रही है। जहां छह डॉक्टर नहीं हैं वहां छह स्पेशलिस्ट की तैनाती होगी। विभाग का मानना है कि पर्याप्त डॉक्टर उपलब्ध होने से मरीजों को प्राथमिक स्तर पर ही बेहतर उपचार मिल सकेगा और उन्हें छोटी-छोटी स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए जिला अस्पतालों या मेडिकल कॉलेजों का रुख नहीं करना पड़ेगा।

स्वास्थ्य विभाग में लंबे समय से डॉक्टरों को एक स्थान से दूसरे स्थान पर डेपुटेशन पर भेजने की व्यवस्था को लेकर सवाल उठते रहे हैं। कई बार ग्रामीण अस्पतालों से डॉक्टरों को डेपुटेशन पर भेजे जाने के बाद वहां मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। अब नए डॉक्टरों की तैनाती सीधे जरूरत वाले स्वास्थ्य संस्थानों में करने पर जोर है। इससे पीएचसी और सीएचसी में डॉक्टरों की उपलब्धता बनी रहने की उम्मीद है। स्वास्थ्य सचिव आशीष सिंह मार ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग में कमीशन के माध्यम से 300 डॉक्टरों की भर्ती की जा रही है। इसके अलावा नर्सों की भी भर्ती होनी है। ग्रामीण क्षेत्रों के बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं देने के लिए सरकार प्रयासरत है।

ये भी देखे: हिमाचल को केंद्र से 239 करोड़ रुपये मिले, एप्पल बेल्ट की दो महत्वपूर्ण सड़कें होंगी अपग्रेड

You may also like