दिल्ली में आज से 35 रुपये किलो मिलेगी प्याज, सब्सिडी दर पर बिक्री शुरू

by Manu
प्याज

दिल्ली, 27 अगस्त 2026: केंद्र ने राष्ट्रीय राजधानी में प्याज की खुदरा बिक्री 35 रुपये प्रति किलोग्राम की सब्सिडी दर पर गुरुवार से शुरू करने का निर्णय लिया है। दिल्ली के अलावा चेन्नई, मदुरै, एर्नाकुलम और गुवाहाटी में भी प्याज की सप्लाई भेजी जा रही है।

केंद्रीय खाद्य मंत्री प्रल्हाद जोशी गुरुवार को सब्सिडी बिक्री का उद्घाटन करेंगे। यह जानकारी उपभोक्ता मामले मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने दी। बाजार में जारी किया जा रहा प्याज 2026 के लिए उत्पादक राज्यों में रखे गए 1.21 लाख टन के बफर स्टॉक से लिया गया है। यह खुदरा बिक्री तीन एजेंसियों नाफेड, एनसीसीएफ और केंद्रीय भंडार के माध्यम से की जाएगी।

एनसीसीएफ के प्रबंध निदेशक एनिस जोसेफ चंद्रा ने पीटीआई को बताया कि हम गुरुवार से दिल्ली में रियायती दर पर प्याज की बिक्री शुरू करेंगे और सप्ताहांत तक एनसीआर के और क्षेत्रों में इसे बढ़ाएंगे। एनसीसीएफ 62 हजार टन प्याज का बफर स्टॉक रखता है।

कांदा एक्सप्रेस के माध्यम से महाराष्ट्र के नासिक से 400 टन प्याज दिल्ली लाया जा रहा है। इसके गुरुवार तक दिल्ली पहुंचने की उम्मीद है। यह सहकारी एजेंसी 100 केंद्रीय भंडार स्टोर के माध्यम से प्याज की खुदरा बिक्री करेगी।

इसके अलावा 300 आउटलेट के माध्यम से बिक्री के लिए मदर डेयरी के साथ बातचीत कर रही है। इसके अलावा मोबाइल वैन भी तैनात की जा रही हैं।

शुरुआत में इस तरह की 15 वैन चलेंगी जिनकी संख्या परसों तक बढ़ाकर 40 की जाएगी। चंद्रा ने कहा कि रेल रेक द्वारा आने वाली आपूर्ति चंडीगढ़, लुधियाना, वाराणसी और अन्य शहरों में बिक्री के लिए भी उपयोग की जाएगी।

You may also like