गोरखपुर, 14 अगस्त 2026: गोरखपुर में 11वीं के छात्र ने PUBG में 3 लाख रुपये हारने के बाद अपने अपहरण की झूठी कहानी रच दी। गर्लफ्रेंड की मदद से AI से ऐसी फोटो बनवाई जिसमें उसके मुंह पर टेप और शरीर पर खून के निशान दिख रहे थे। फोटो देखकर ऐसा लग रहा था कि उसे बुरी तरह पीटा गया है।
छात्र ने पिता को वॉट्सएप पर फोटो भेजी और मैसेज लिखा- 1 लाख रुपये भेज दो नहीं तो बेटे की लाश मिलेगी। फोटो देखते ही पिता घबरा गए और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने छात्र का फोन सर्विलांस पर लगाया। करीब 2 घंटे बाद मंगलवार रात 2 बजे उसे दोस्त के घर से पकड़ लिया।
मामला जिला मुख्यालय से करीब 40 किमी दूर सिकरीगंज का है। 16 साल के छात्र के पिता कपड़ा कारोबारी हैं। उसकी गर्लफ्रेंड दिल्ली में रहती है।
सत्यप्रकाश संतकबीरनगर के धनघटा क्षेत्र में परिवार के साथ रहते हैं। उनका बेटा शहर के एक इंग्लिश मीडियम स्कूल में 11वीं में पढ़ता है। पुलिस के मुताबिक छात्र को PUBG खेलने की लत है। गेम खेलने के चक्कर में उसने दोस्तों और कुछ जानने वालों से पैसे उधार ले लिए। धीरे-धीरे उस पर करीब 3 लाख रुपये का कर्ज हो गया।
लोगों ने पैसे मांगने शुरू किए तो उसने अपहरण की योजना बनाई। उसने दिल्ली में रहने वाली अपनी गर्लफ्रेंड से बात की और ऐसी फोटो बनाने को कहा जिसमें लगे कि उसका अपहरण हो गया है। गर्लफ्रेंड ने AI की मदद से उसकी फोटो तैयार की।
ये भी देखे: गाजियाबाद की सब-इंस्पेक्टर अस्मिता डे ने कॉमनवेल्थ गेम्स में जीता गोल्ड