पटना, 11 अगस्त 2026: बिहार के वित्त मंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव की उपस्थिति में राज्य के प्रमुख राजस्व संग्रह विभागों की एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए तय लक्ष्यों और राजस्व संग्रहण की अद्यतन स्थिति की विस्तृत समीक्षा की गई।
समीक्षा के दौरान यह तथ्य सामने आया कि मुख्य राजस्व संग्रह विभागों यथा वाणिज्य-कर, मद्य निषेध, उत्पाद एवं निबंधन, परिवहन, खनन एवं भूतत्व, राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग द्वारा चालू वित्तीय वर्ष में जुलाई माह तक कुल ₹19,253 करोड़ का संचयी राजस्व संग्रह किया जा चुका है। यह संग्रह पिछले वर्ष की इसी अवधि की तुलना में लगभग 18 प्रतिशत अधिक है, जो राज्य की मजबूत वित्तीय स्थिति को दर्शाता है।
मंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि राजस्व संग्रह की गति को और तेज किया जाए। उन्होंने समय-सीमा को ध्यान में रखते हुए कार्य कुशलता बढ़ाने और हर हाल में राजस्व अर्जन को अधिकतम करने पर जोर दिया ताकि राज्य के विकास कार्यों को और गति मिल सके।
बैठक में वित्त विभाग के सचिव संजय कुमार सिंह एवं सचिव (व्यय) रचना पाटिल के साथ संबंधित विभागों के प्राधान सचिव/सचिव उपस्थित रहे ।
ये भी देखे: दो महीने में आंगनबाड़ी सेविका, सहायिका को दिया जाएगा मोबाइल – मंत्री बिजेंद्र यादव