पंजाब विधानसभा मानसून सत्र का आज पांचवां दिन, कॉमन इंफ्रास्ट्रक्चर संशोधन बिल पर होगी चर्चा

by Manu
पंजाब विधानसभा सत्र

चंडीगढ़, 07 अगस्त 2026: पंजाब विधानसभा के मानसून सत्र का शुक्रवार को पांचवां दिन है। आज भी सदन के हंगामेदार रहने के आसार हैं। कांग्रेस समेत सभी विपक्षी दल सरकार को घेरने की तैयारी में हैं। आज सदन में पंजाब खादी एवं ग्राम उद्योग बोर्ड की वर्ष 2020-21 और 2021-22 की वार्षिक लेखा रिपोर्ट पेश की जाएगी।

इसके अलावा पंजाब कॉमन इंफ्रास्ट्रक्चर (रेगुलेशन एंड मेंटेनेंस) संशोधन विधेयक, 2026 पर तत्काल विचार करने और उसे पारित करने का प्रस्ताव भी रखा जाएगा।

इस मानसून सत्र को पंजाब सरकार के मौजूदा कार्यकाल का आखिरी विधानसभा सत्र माना जा रहा है। 2027 के विधानसभा चुनाव करीब हैं। ऐसे में कांग्रेस भी नए संगठन के साथ सरकार पर लगातार हमलावर है। पिछले तीन दिनों से कांग्रेस विधायक काले पटके पहनकर विधानसभा पहुंच रहे हैं और सदन के बाहर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं।

सदन के भीतर भी कांग्रेस कानून-व्यवस्था, अवैध माइनिंग और पेपर लीक जैसे मुद्दों पर सरकार को घेर रही है। भाजपा के दो विधायक भी अवैध माइनिंग का मुद्दा उठा चुके हैं। शिरोमणि अकाली दल के विधायक बेअदबी के मामलों को लेकर सरकार को निशाने पर ले चुके हैं।

ये भी देखे: पंजाब विधानसभा मॉनसून सत्र: MLA कुलवंत सिंह ने मोहाली एयरपोर्ट रोड का उठाया मुद्दा

You may also like