ललितपुर, 20 जून 2026: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को कहा कि सपा सरकार चार बार सत्ता में रही लेकिन ललितपुर को कुछ नहीं दिया। उनके पास विकास की कोई सोच ही नहीं थी।
योगी ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, “प्रदेश की 25 करोड़ जनता हमारे लिए परिवार है। उनका विकास और सुरक्षा हमारा दायित्व है। लेकिन सपा के लिए सैफई ही परिवार था। वे सैफई के बाहर निकल ही नहीं सके। कांग्रेस के लिए दिल्ली का परिवार ही देश था।”
मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि सपा-कांग्रेस ने हर जिले में माफिया पैदा किए। ये माफिया अवैध वसूली करते थे, जनता की कमाई पर डकैती डालते थे, गो-तस्करी करते थे और प्रदेश को बंजर बनाते थे। इनकी निकम्मी नीतियों के कारण बुंदेलखंड पिछड़ गया और लोग खुद को ठगा महसूस करते थे।
योगी ने कहा, “आज यूपी में ब्रह्मोस मिसाइल बन रही है। इसी मिसाइल ने ऑपरेशन सिंदूर के दौरान पाकिस्तान के छक्के छुड़ा दिए थे। पाकिस्तान दुनिया के सामने त्राहि-त्राहि करने लगा था। यह है नए भारत की ताकत।”
दोपहर 12 बजे ललितपुर पहुंचे CM योगी सबसे पहले तुवन मंदिर में दर्शन-पूजा करने गए। इसके बाद उन्होंने राजकीय मेडिकल कॉलेज का उद्घाटन किया और 1,766 करोड़ रुपये की 221 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास किया।
ये भी देखे: राम मंदिर चढ़ावा चोरी विवाद पर बोले CM योगी – SIT दूध का दूध, पानी का पानी करेगी