पटना, 19 जून 2026: रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव शुक्रवार को बिहार के एक दिवसीय दौरे पर पटना पहुंचे। एयरपोर्ट पर भाजपा के वरिष्ठ नेताओं ने उनका स्वागत किया। इसके बाद मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी भी पहुंचे और मंत्री का अभिनंदन किया।
पत्रकारों से बातचीत में अश्विनी वैष्णव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिहार को 10,000 करोड़ रुपये से अधिक का रेलवे बजट दिया है। राज्य में करीब 1.15 लाख करोड़ रुपये की रेलवे परियोजनाओं पर तेजी से काम चल रहा है।
मंत्री ने कहा कि बिहार में अब रेलवे का विकास एक नए रूप में हो रहा है। आज यहां से दो नई रेलवे परियोजनाओं की शुरुआत होगी।
पटना क्षेत्र की क्षमता बढ़ाने के लिए हार्डिंग पार्क में पांच नए प्लेटफॉर्म वाला नया रेलवे स्टेशन विकसित किया जा रहा है। साथ ही फतुहा रेलवे स्टेशन को भी आधुनिक रूप से विकसित किया जा रहा है।
अश्विनी वैष्णव ने बताया कि आज छपरा से दिल्ली के लिए नई एक्सप्रेस ट्रेन शुरू की जाएगी। उन्होंने कहा कि बिहार में बने रेल इंजन अब विदेश भी जा रहे हैं। आज 51वां लोकोमोटिव अफ्रीकी देश गिनी के लिए रवाना किया जाएगा।
रेल मंत्री पटना के सॉफ्टवेयर टेक्नोलॉजी पार्क का भी दौरा करेंगे। वे पटना और छपरा में विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे। छपरा रेलवे स्टेशन से छपरा-दिल्ली एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाएंगे। साथ ही मऊ-दिल्ली एक्सप्रेस ट्रेन और दोहरीघाट-औनरिहार सेवा को वाराणसी तक विस्तारित करने का शुभारंभ करेंगे।