ईरान ने कुवैत और बहरीन में अमेरिकी ठिकानों पर किया हमला, CENTCOM ने कहा – सभी हमले नाकाम रहे

by Manu
iran attack kuwait

तेहरान, 3 जून 2026: ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने बुधवार को दावा किया कि उसने कुवैत और बहरीन में स्थित अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर हमला किया है। ईरान के अनुसार, अमेरिकी नौसेना के पांचवें बेड़े के मुख्यालय, सैन्य एयरबेस और हेलीकॉप्टरों पर मिसाइल व ड्रोन हमले किए।

हालांकि अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) ने इन दावों को पूरी तरह खारिज कर दिया। CENTCOM ने एक्स पर पोस्ट कर कहा कि ईरान ने क्षेत्र के कई देशों की ओर बैलिस्टिक मिसाइलें दागीं, लेकिन सभी हमले नाकाम रहे।

अमेरिका के मुताबिक, कुवैत की ओर दागी गई दो मिसाइलें या तो रास्ते से भटक गईं या बीच में ही नष्ट हो गईं। बहरीन की ओर दागी गई तीन मिसाइलों को अमेरिकी और बहरीन की एयर डिफेंस सिस्टम ने मार गिराया।

इस बीच अमेरिका ने भी तुरंत जवाबी कार्रवाई की। अमेरिकी सेना ने होर्मुज स्ट्रेट में ईरान के केश्म आइलैंड स्थित एक कम्युनिकेशन टावर को निशाना बनाया। अमेरिकी अधिकारियों ने इसे आत्मरक्षा में किया गया हमला बताया।

इसके अलावा अमेरिका ने होर्मुज स्ट्रेट के पास एक ऑयल टैंकर पर भी हमला किया। CENTCOM ने इस कार्रवाई का ड्रोन वीडियो जारी किया। वीडियो में बोत्सवाना के झंडे वाला टैंकर आग की लपटों में घिरा दिख रहा है। यह टैंकर अमेरिकी नाकेबंदी के दौरान होर्मुज स्ट्रेट से होकर ईरान के खार्ग आइलैंड की ओर जा रहा था।

ये भी देखे: अमेरिका-इजराइल ने ईरान के खार्ग आइलैंड पर किया हमला, तेल निर्यात केंद्र को निशाना बनाया

You may also like