चंडीगढ़, 30 मई 2026: पंजाब में नगर निगम और परिषद चुनावों के नतीजों में आम आदमी पार्टी (AAP) ने एक बार फिर शानदार प्रदर्शन करते हुए ज़बरदस्त जीत हासिल की है। इस ऐतिहासिक जीत के बाद, आम आदमी पार्टी के पंजाब प्रदेश कार्यालय में जश्न का माहौल था।
जीत की खुशी में, पार्टी मुख्यालय पर कार्यकर्ताओं ने ढोल की थाप पर डांस किया और एक-दूसरे को लड्डू खिलाकर और बधाई देकर जीत का जश्न मनाया।
AAP पंजाब के प्रभारी मनीष सिसोदिया, वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा, विधायक कुलदीप सिंह धालीवाल और मीडिया प्रभारी बलतेज पन्नू खास तौर पर मौजूद थे। इनके अलावा, पार्टी के सभी वरिष्ठ नेता, विधायक और पदाधिकारी भी इस जश्न में शामिल हुए।
इस मौके पर मौजूद वरिष्ठ नेताओं ने पंजाब की जनता का शुक्रिया अदा किया और कहा कि यह जीत मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व वाली AAP सरकार की जन-कल्याणकारी नीतियों और विकास कार्यों पर जनता की मुहर है। नगर निगमों में भी AAP सरकार बनने से, शहरों का विकास और भी तेज़ी से होगा।
वहीं, AAP पंजाब के प्रभारी मनीष सिसोदिया ने भी पंजाब की जनता का तहे दिल से शुक्रिया अदा किया। उन्होंने कहा कि आज पंजाब की जनता ने एक बहुत बड़ा संदेश दिया है। उन्होंने कहा, “मैं इन चुनावों में AAP के पक्ष में आए नतीजों के लिए पंजाब की जनता का शुक्रिया अदा करता हूँ, जिन्होंने अरविंद केजरीवाल और मुख्यमंत्री भगवंत मान को इतना मान-सम्मान और आशीर्वाद दिया है।”
जनता ने यह साफ कर दिया है कि उन्हें अरविंद केजरीवाल की ईमानदार राजनीति करने का तरीका और मुख्यमंत्री भगवंत मान के पिछले 4 सालों में काम करने का अंदाज़ बेहद पसंद आ रहा है।
मनीष सिसोदिया ने कहा कि कुछ समय पहले जब पंजाब में ज़िला पंचायत चुनाव हुए थे, तो गाँवों की जनता ने आम आदमी पार्टी को एकतरफ़ा ज़बरदस्त जीत दिलाई थी, और अब नगर निगम/परिषद चुनावों में, खासकर शहरों की जनता ने यह साफ संदेश दिया है कि उन्हें हमारी सरकार के जनहित के कार्य पसंद आ रहे हैं। सिसौदिया ने कहा कि लोगों ने मान साहब की सरकार द्वारा बिजली, पानी, रोज़गार, शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्रों में उठाए गए क्रांतिकारी कदमों पर अपनी मुहर लगा दी है।
ये भी देखे: पंजाब ने नफरत की राजनीति को नकारा, भाजपा पांचवें स्थान पर खिसकी – सीएम भगवंत मान