नारी शक्ति वंदन अधिनियम पर निंदा प्रस्ताव का कांग्रेस ने बायकॉट किया, सदन के बाहर समानांतर कार्यवाही

by Manu
हरियाणा कांग्रेस

चंडीगढ़, 27 अप्रैल 2026: हरियाणा विधानसभा के एक दिवसीय विशेष सत्र में कांग्रेस ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम पर लाए गए निंदा प्रस्ताव का पूरा बहिष्कार कर दिया।

कांग्रेस विधायकों ने सदन के अंदर नहीं जाने का फैसला लिया और सदन के बाहर समानांतर कार्यवाही की। नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने इस दौरान कहा कि महिला आरक्षण बिल तो पास हो चुका था। सवाल नियत का है। सरकार की नियत महिलाओं को आरक्षण देने की नहीं है। अगर नियत होती तो बिल को इतना देरी से नहीं लाती।

उधर मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि जिनके टायर पंचर हो जाते हैं, वे अक्सर पार्किंग में ही मिलते हैं। जनता ने जिन्हें यहां बहस करने के लिए भेजा था, वे पार्किंग में खड़े होकर परछाइयों से लड़ रहे हैं।

इसके बाद सदन में कांग्रेस के खिलाफ सर्वसम्मति से निंदा प्रस्ताव पारित कर दिया गया। विपक्ष की ओर से केवल इनेलो के विधायक आदित्य चौटाला और अर्जुन चौटाला सदन में मौजूद रहे।

सत्र के दौरान हरियाणा क्लेरिकल सर्विसेज (भर्ती और सेवा की शर्तें) विधेयक, 2026 भी पेश किया गया। मुख्यमंत्री नायब सैनी ने सदन में इसका प्रस्ताव रखा। इस विधेयक के तहत क्लर्क के पद पर प्रमोशन का कोटा 20 प्रतिशत से बढ़ाकर 30 प्रतिशत कर दिया गया है। यह बदलाव उन कर्मचारियों को लाभ पहुंचाएगा जिन्होंने 5 वर्ष से अधिक की सेवा पूरी कर ली है।

विधेयक पेश होने के बाद स्पीकर हरविंद्र कल्याण ने सदन की कार्यवाही को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दिया।

ये भी देखे: हरियाणा नारी शक्ति वंदन अधिनियम पर निंदा प्रस्ताव के विशेष सत्र का कांग्रेस ने किया बहिष्कार

You may also like