जंग में भागने वाले गद्दार, नैतिकता के आधार पर राज्यसभा सदस्य अपने पद से दें इस्तीफा – दीपक बाली

by Manu
Deepak Bali

चंडीगढ़, 26 अप्रैल 2026: आम आदमी पार्टी पंजाब के महासचिव दीपक बाली ने आम आदमी पार्टी द्वारा नियुक्त राज्यसभा सदस्यों के भारतीय जनता पार्टी में शामिल होने के फैसले की कड़ी निंदा की है। कहा है कि भारतीय जनता पार्टी की ये नीतियां सीधे तौर पर लोकतंत्र के खिलाफ हैं।

दीपक बाली ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर लिखा है कि “जो युद्ध में मरता है, उसे शहीद कहते हैं; जो जीतता है, उसे योद्धा कहते हैं; और जो भाग जाता है, उसे गद्दार कहते हैं।” उन्होंने यह स्पष्ट किया कि जो लोग भारतीय जनता पार्टी के दबाव में पार्टी छोड़ रहे हैं, वे पंजाब की जनता के साथ विश्वासघात कर रहे हैं।

महासचिव बाली ने कहा कि पंजाब से नियुक्त सभी राज्यसभा सदस्य वोटों के माध्यम से राज्यसभा सदस्य नहीं बने हैं। उन्हें आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक श्री अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री श्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में राज्यसभा में पंजाब के हितों को उठाने के लिए राज्यसभा सदस्य के रूप में नियुक्त किया गया था, ताकि राज्यसभा में पंजाब के किसानों, मजदूरों, व्यापारियों, उद्योगपतियों, कर्मचारियों और आम लोगों की आवाज तथा उनके अधिकारों को उठाया जा सके।

दीपक बाली ने आगे कहा कि इन सदस्यों को पंजाब के अधिकारों की बात करनी चाहिए थी, लेकिन इसके बजाय उन्होंने उसी पार्टी और उन नेताओं के खिलाफ अपनी राजनीति शुरू कर दी, जिन्होंने उन्हें राज्यसभा जैसी प्रतिष्ठित सदस्यता के लिए नियुक्त किया था। उन्होंने कहा कि यदि उनमें साहस और नैतिकता है, तो उन्हें तुरंत राज्यसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे देना चाहिए और पंजाब आकर किसी भी जगह से अपनी काबिलियत साबित करनी चाहिए।

बाली ने स्पष्ट किया कि भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार जनता की सेवा के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक श्री अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व में पूरी तरह से एकजुट है।

उन्होंने कहा कि पंजाब की जनता उन लोगों को कभी बर्दाश्त नहीं करेगी, जो भारतीय जनता पार्टी के दबाव में पंजाब की जनता के साथ विश्वासघात करते हैं। बाली ने मांग की है कि भारतीय जनता पार्टी अपनी अलोकतांत्रिक चालों को बंद करे।

ये भी देखे: राघव चड्ढा समेत 7 सांसदों के BJP में शामिल होने पर भगवंत मान ने कहा – इन्होंने पंजाबियों से की गद्दारी

You may also like