Haryana News: रेवाड़ी जिला को मिली एक दर्जन स्वास्थ्य केंद्रों की सौगात

by Manu
आरती सिंह राव

चंडीगढ़, 22 अप्रैल 2026: हरियाणा सरकार ने रेवाड़ी जिला को करीब एक दर्जन स्वास्थ्य केंद्रों की सौगात दी है। इनमें पांच स्वास्थ्य केंद्र अपग्रेड किए गए हैं जबकि सात नए खोलने की मंजूरी दी गई है।

केंद्रीय सांख्यिकी और कार्यक्रम कार्यान्वयन (स्वतंत्र प्रभार), योजना एवं संस्कृति (स्वतंत्र प्रभार) मंत्री राव इंद्रजीत सिंह ने हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव को पत्र लिखा था जिसमें रेवाड़ी जिला में पांच स्वास्थ्य केंद्र अपग्रेड करने तथा छः नए स्वास्थ्य केंद्र खोलने बारे अनुरोध किया गया था।

इसके बाद, आरती सिंह राव ने स्वास्थ्य विभाग को इस दिशा में उचित कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे जिस पर विभाग ने अपनी फिजिबिलिटी रिपोर्ट प्रस्तुत की और मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने उक्त स्वास्थ्य केंद्रों को मंजूरी दे दी है।

रेवाड़ी जिला के पीएचसी भाड़ावास को सीएचसी में अपग्रेड करने की सैद्धांतिक स्वीकृति दी गई है। इसी प्रकार पीएचसी धारुहेड़ा को सीएचसी में, उपस्वास्थ्य केंद्र झाबुआ को पीएचसी में , उपस्वास्थ्य केंद्र शबाजपुर ख़ालसा को पीएचसी में , उपस्वास्थ्य केंद्र टींट को पीएचसी में अपग्रेड करने को राज्य सरकार द्वारा स्वीकृति दी गई है।

उन्होंने यह भी बताया कि रेवाड़ी जिला के ही गांव मीरपुर, गांव अशियाकी टप्पा जड़थल, गांव भाँडोर, गांव नठेडा तथा गांव सुरखपुर में नया उपस्वास्थ्य केंद्र खोलने की मंजूरी दी गई है। उन्होंने यह जानकारी भी दी कि जिन गांवों में उक्त स्वास्थ्य केंद्रों को अपग्रेड करने तथा नया खोलने की मंजूरी दी गई है , उनमें भवन निर्माण के लिए भूमि को अंतिम रूप दिए जाने तक संबंधित ग्राम पंचायत अपने स्तर पर बिना किराया लिए स्वास्थ्य केंद्र शुरू करने हेतु स्वास्थ्य विभाग को भवन उपलब्ध करवाएगी।

स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने कहा कि उक्त स्वास्थ्य संस्थानों के शुरू होने से न केवल ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ेगी, बल्कि बड़े अस्पतालों पर भी दबाव कम होगा। इससे लोगों को समय पर इलाज मिल सकेगा और प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था को और मजबूती मिलेगी।

ये भी देखे: किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाने के लिए HPV वैक्सीन अवश्य लगवाएं – आरती सिंह राव

You may also like