उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी का कहर, 30 जिलों में लू का अलर्ट, प्रयागराज में पारा 44.4 डिग्री पहुंचा

by Manu
उत्तर प्रदेश गर्मी

लखनऊ, 22 अप्रैल 2026: उत्तर प्रदेश में इन दिनों जून जैसी गर्मी पड़ रही है। बुधवार को सुबह से ही तेज धूप निकली और गर्म हवाएं चल रही हैं। मौसम विभाग ने आज 30 जिलों में हीट वेव यानी लू का अलर्ट जारी किया है।

प्रशासन ने गर्मी से निपटने के लिए तुरंत कदम उठाए हैं। आगरा और अयोध्या में सड़कों पर पानी की बौछारें छिड़कवाई जा रही हैं। गोरखपुर चिड़ियाघर में कर्मचारियों ने भालुओं को खास इंतजाम किया। वहां हर भालू को 8-8 किलोग्राम की फ्रूट आइसक्रीम खिलाई जा रही है ताकि वे गर्मी से बच सकें।

मौसम विभाग (IMD) का अनुमान है कि अगले चार दिन यानी 25 अप्रैल तक गर्मी से कोई राहत नहीं मिलेगी। कई जगहों पर तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच सकता है। हालांकि 26 अप्रैल को कुछ इलाकों में बारिश की संभावना जताई गई है।

पिछले 24 घंटों में प्रदेश के 30 जिलों का तापमान 40 डिग्री से ऊपर दर्ज किया गया। प्रयागराज सबसे गर्म रहा जहां दिन का पारा 44.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।

इस प्रचंड गर्मी को देखते हुए मंदिरों में भी खास तैयारी की गई है। काशी विश्वनाथ मंदिर में बाबा विश्वनाथ के लिए जलधारा लगाई गई है। भक्तों के लिए कॉरिडोर में रेड कारपेट बिछाया गया है और जर्मन हैंगर लगाए गए हैं ताकि वे ठंडक महसूस करें।

ब्रज क्षेत्र के प्रमुख मंदिरों में फूलों के बंगले सजाए जा रहे हैं। बांके बिहारी, द्वारिकाधीश और नंदबाबा मंदिर समेत कई स्थानों पर भगवान को ठंडक पहुंचाने के लिए खरबूजा और सत्तू जैसे भोग लगाए जा रहे हैं।

अयोध्या में रामलला के गर्भगृह में तीन कूलर लगाए गए हैं ताकि गर्मी का असर कम हो। इन इंतजामों से भक्तों और भगवान दोनों को कुछ राहत मिल रही है।

ये भी देखे: UP Weather: उत्तर प्रदेश में पड़ रही भीषण गर्मी, मौसम विभाग ने इन जिलों में जारी किया अलर्ट

You may also like